यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पत्नी संग रची अपनी ही मौत की कहानी, तीन साल बाद गिरफ्तार
पत्नी के साथ मिलकर उसने अपनी ही मौत की झूठी कहानी रचने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, बोकारो। हत्या के एक मामले में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अपने को मृत घोषित करने वाले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी हरपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले कई महीने से वह चास (बोकारो) में सूर्या चौक के पास एक भाड़े के मकान में छिपकर रह रहा था। चास के तेलीडीह में उसकी ससुराल है। बुलंदशहर की पुलिस आरोपी को गुरुवार की शाम ट्रांजिट रिमांड पर लेकर यूपी चली गई।
पत्नी अंजलि के साथ मिलकर उसने अपनी मौत की झूठी कहानी रची थी। पत्नी ने बताया था कि गंगा में डूबकर उसके पति की मौत हो गई है। हत्या के मामले में हरपाल के साथ ही जमानत पर छूटे उसके दूसरे साथी छोटे लाल ने खुलासा किया था कि वह ¨जदा है। साथी की शिकायत पर बुलंदशहर की पुलिस जांच में जुटी और चास स्थित उसकी ससुराल समेत अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
हत्या का है आरोपी
बुलंदशहर से आरोपी को गिरफ्तार करने आए सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 में बुलंदशहर में गाजियाबाद के एक युवक की हत्या हुई थी। मामले में इसी थाना इलाके के सलामतपुर गांव के रहने वाले दीप चंद्र के पुत्र हरपाल सिंह को गिरफ्तार किया और उसे जेल भेज दिया।
जमानत मिलने के बाद वर्ष 2016 के अगस्त माह में महाशिवरात्रि के दिन हरपाल व उसकी पत्नी अंजलि ने एक झूठी कहानी रच डाली। कहा कि स्नान के लिए गंगा नदी में गए उसके पति डूब गए। घरवालों और पुलिस को भी यही बतलाया। बाद में दोनों चास आ गए और यहां हरपाल ठेला चलाकर जीविका चलाने लगा।
