'5 बजे से पहले खोला तो होगा अपशकुन', बोकारो में साधु बन महिला का मंगलसूत्र उड़ाने वाले दो भाई धरे गए
बोकारो में साधु के वेश में ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस की गिरफ्त में दोनों भाई। (जागरण)
HighLights
साधु वेश में ठगी करने वाले दो भाई गिरफ्तार।
महिला से मंगलसूत्र ठगने का आरोप, बरामद भी हुआ।
बोकारो पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा।
जागरण संवाददाता, बोकारो। कैंप दो में कोर्ट के पीछे स्थित हनुमान नगर की बबीता देवी से मंगलसूत्र ठगने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोपितों की पहचान गया जी के बेलाडीह बोलागंज निवासी 30 वर्षीय शंभू लाठौर और 25 वर्षीय गयालाल लाठौर के रूप में हुई है।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने महिला का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया। यह जानकारी सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने दी।
डीएसपी ने बताया कि शुक्रवार शाम हनुमान नगर निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी बबीता देवी घर पर बच्चों के साथ थीं। इसी दौरान दोनों भाई साधु के वेश में वहां पहुंचे और खाना मांगा।
महिला ने उन्हें खाना दिया और बाद में अपनी परेशानी बताने लगी। आरोपितों ने उसे झांसे में लेने के लिए हाथ की सफाई दिखाई। फिर उन्होंने कहा कि गहनों पर मंत्र फूंकने से सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी।
महिला ने अपना मंगलसूत्र उन्हें दे दिया। आरोपितों ने उसे कपड़े में लपेटकर महिला को देते हुए कहा कि इसे पांच बजे ही खोलना, इससे पहले खोलने पर अपशकुन होगा।
गायब था मंगलसूत्र
उनके जाने के बाद महिला ने पांच बजे कपड़ा खोला तो छह ग्राम का मंगलसूत्र गायब था। पुलिस को सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी की अगुवाई में टीम बनाई गई।
टीम में सब इंस्पेक्टर जितेश कुमार, नीरज सेठ समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने आरोपितों को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। वे बीते एक हफ्ते से अपने स्वजनों के साथ वहां तंबू लगाकर रह रहे थे।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पढ़े-लिखे नहीं हैं। पहले मजदूरी करते थे, फिर साधु का वेश धरकर भिक्षाटन करने लगे। लोगों को हाथ की सफाई दिखाकर झांसे में लेकर ठगी भी करते थे।
पुलिस ने उनके पास से दुर्गा मां के पीतल के 20 लॉकेट, हनुमान जी के 40 लॉकेट, रंग-बिरंगे 50 पत्थर, 20 ताबीज और पीतल की 10 अंगूठियां बरामद की।
यह भी पढ़ें- रांची में राजस्व कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में फैली दहशत