झारखंड में लुगूबुरू महोत्सव का आगाज, असम-बंगाल और ओडिशा से उमड़े श्रद्धालु; प्रशासन ने किया बस का इंतजाम
ललपनिया, झारखंड में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन और लुगूबुरू महोत्सव शुरू हो गया है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।

असम से पहुंचा श्रद्धालुओं का जत्था। फोटो जागरण
HighLights
ललपनिया में तीन दिवसीय सरना धर्म महासम्मेलन का शुभारंभ।
असम, ओडिशा सहित देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष बसें चलाईं।
संवाद सहयोगी, ललपनिया। झारखंड के ललपनिया में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन का शुभारंभ रविवार से हो गया।
महासम्मेलन में झारखंड सहित देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में असम से 50 से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं का जत्था ललपनिया पहुंचा।
इसके अलावा जामताड़ा, ओडिशा, देवघर, गिरिडीह, बंगाल, बांकुड़ा, दुमका सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
श्रद्धालु छरछरिया स्थित सीता नाला में स्नान करने के बाद करीब सात किलोमीटर की कठिन चढ़ाई तय कर लुगू पहाड़ स्थित गुफा पहुंचेंगे। वहां वे लुगू बाबा और लुगू आयो की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
असम से आए युगेश्वर हांसदा ने बताया कि तीन दिनों का लंबा सफर तय कर रविवार को 50 से अधिक श्रद्धालु लुगू बाबा के दर्शन और पूजन के लिए ललपनिया पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि देश-विदेश में फैले संताल आदिवासी समुदाय के लोगों के बीच यह धार्मिक स्थल विशेष महत्व रखता है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा यानी सोहराय कुनामी के अवसर पर यहां लाखों श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि लुगूबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ संताल समुदाय का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां हमारी सभ्यता और संस्कृति की जड़ें गहराई से जुड़ी हुई हैं। इस पवित्र स्थल का दर्शन कर मन को काफी सुखद अनुभूति होती है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी यात्रा सुविधा
अगर आप भी लुगूबुरू घंटाबारी धोरमगढ़ में आयोजित ''अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन और राज्य महोत्सव में शामिल होना चाहते हैं, तो अब आने-जाने की चिंता छोड़ दें।
22 से 24 नवंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय लुगूबुरू महोत्सव में देश भर से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस साल श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने परिवहन के विशेष इंतजाम किए हैं।
बोकारो, चंद्रपुरा, गोमिया और रांची रोड से बसें चलाई जा रही हैं। इन रूटों से श्रद्धालुओं को मेला स्थल तक पहुंचाया जा रहा है और वापसी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कोई भी श्रद्धालु इस व्यवस्था का लाभ उठा सकता है।
अब किसी को भी निजी वाहन न होने या किराए की गाड़ी का इंतजाम न कर पाने की वजह से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। यह सुविधा उन श्रद्धालुओं के लिए भी बहुत उपयोगी है जो अपने परिवार के साथ मेले में जा रहे हैं।
लुगूबुरू पहाड़, संताल समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आस्था का मुख्य केंद्र है। यहां आयोजित महासम्मेलन में देश-विदेश से श्रद्धालु आकर प्रार्थना करते हैं।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी 16 बसें 24 घंटे सेवा दे रही हैं। इन बसों का लाभ उठाकर श्रद्धालु किसी भी समय लुगूबुरू मेला पहुंच सकते हैं।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि महोत्सव में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरू से शुरू हुई प्रेम कहानी टावर तक पहुंची, धनबाद में घंटों तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा