बोकारो-तेनुघाट नहर मार्ग से उछलकर पानी में दौड़ी फार्च्यूनर, दो घायल
Bokaro Road Accident: तेनुघाट-बोकारो नहर मार्ग पर बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ से अनियंत्रित होकर एक फॉर्च्यूनर कार नहर में जा गिरी।
HighLights
तेनुघाट-बोकारो नहर मार्ग पर फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर नहर में गिरी।
बारिश से सड़क पर कीचड़ जमा होना हादसे का मुख्य कारण।
कार सवार दो लोग घायल, प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर।
जागरण संवाददाता, बेरमो (बोकारो)। बारिश के बीच सड़क पर जमा कीचड़ ने गुरुवार देर रात तेनुघाट-बोकारो नहर मार्ग पर एक फार्च्यूनर को ऐसा बेकाबू किया कि कार सड़क छोड़ सीधे नहर के पानी में जा दौड़ी।
चांपी के समीप हुए इस हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि दोनों ने कार के नहर में गिरते ही समय रहते छलांग लगा दी और जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की पहचान जैनामोड़ के मोहनपुर निवासी रोहित कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों खतरे से बाहर हैं।
बताया गया कि दोनों कार सवार जैनामोड़ के मोहनपुर से चांपी स्थित अपने मामा अजय महतो के घर आए थे। वहां से वापस जैनामोड़ लौटने के दौरान नहर मार्ग पर लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर भारी मात्रा में कीचड़ जमा था।
इसी दौरान फार्च्यूनर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। शुक्रवार सुबह नहर में गिरी फार्च्यूनर को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। वाहन को नहर से बाहर निकालने की तैयारी की जाती रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तुपकाडीह से तेनुघाट तक नहर मार्ग की स्थिति काफी जर्जर है। सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति और कीचड़ के कारण ही वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिरा।
यह भी पढ़ें- SAIL के अधिकारियों को बड़ा अवसर, MECON में CMD तो ONGC-RINL में Director पद के लिए आवेदन शुरू
यह भी पढ़ें- धनबाद एमपी एमएलए कोर्ट में जयराम महतो के खिलाफ सुनवाई, गवाह पेश करने का आदेश
