DPS बोकारो और BIT मेसरा ने मिलाया हाथ: 3 साल के करार से खुलेंगे AI, रोबोटिक्स और रिसर्च के नए द्वार
डीपीएस बोकारो और बीआईटी मेसरा, रांची ने संयुक्त शोध, विकास व क्षमता निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

बीआईटी मेसरा में एकरारनामा के साथ डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार और बीआईटी मेसरा के रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन। (जागरण)
HighLights
डीपीएस बोकारो और बीआईटी मेसरा ने संयुक्त शोध हेतु करार किया।
विद्यार्थियों को एआई, रोबोटिक्स, डेटा साइंस में मिलेगा मार्गदर्शन।
शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण व उच्च शिक्षा के अवसर भी।
जागरण संवाददाता, बोकारो। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार व तकनीकी कौशल निखारने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो व बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बीआईटी मेसरा, रांची के बीच संयुक्त शोध एवं विकास व क्षमता निर्माण को लेकर गुरुवार को एकरारनामा किया गया।
दोनों संस्थानों ने हाथ मिलाया है। इससे एआई व शोध के क्षेत्र में नए द्वार खुलेंगे। बीआईटी मेसरा में समारोह के दौरान समझौता ज्ञापन पर डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार एवं बीआईटी मेसरा की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन ने हस्ताक्षर किए।
आरंभिक चरण में अगले तीन वर्षों के लिए प्रभावी इस करार के तहत अब बीआईटी मेसरा के प्राध्यापक, शोधकर्ता व तकनीकी विशेषज्ञ सीधे तौर पर डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों व शिक्षकों को अपना विशद ज्ञान और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस साझेदारी के माध्यम से स्कूली स्तर पर ही विद्यार्थियों को भविष्य की उन तकनीकों से रूबरू कराया जाएगा, जो आज वैश्विक स्तर पर बदलाव ला रही हैं।
समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, स्टेम एजुकेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ऑटोमेशन, डेटा साइंस व अंतर्विषयक शोध जैसे उभरते क्षेत्रों में कार्य करेंगे।
इसका मुख्य उद्देश्य रटने की परंपरा से इतर विद्यार्थियों में समस्या-समाधान, रचनात्मकता, उद्यमिता और उभरती तकनीकों के नैतिक व जिम्मेदार उपयोग की संस्कृति विकसित करना है।
एमओयू के प्रविधान के अनुसार, डीपीएस बोकारो के छात्र-छात्राओं को अब न केवल कक्षाओं में अतिथि व्याख्यान और विशेषज्ञ संवाद का लाभ मिलेगा, बल्कि उन्हें बीआईटी मेसरा की उन्नत प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों और नवाचार इकोसिस्टम के शैक्षणिक भ्रमण (एक्सपोजर विजिट) का भी अवसर प्राप्त होगा।
इसके अतिरिक्त, दोनों संस्थान संयुक्त रूप से हैकाथॉन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी, स्टेम इनोवेशन चैलेंज, कार्यशालाएं और सेमिनार आयोजित करेंगे।
विद्यार्थियों द्वारा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए तैयार किए जाने वाले वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स और प्रोटोटाइप मॉडल को बीआईटी मेसरा के विशेषज्ञों की सीधी मेंटरशिप मिलेगी।
विशेष सत्र का होगा आयोजन
साथ ही, विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विविध अवसरों के प्रति जागरूक करने के लिए भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
यह समझौता केवल विद्यार्थियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों के पेशागत विकास को भी एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
इसके तहत बीआईटी मेसरा के संकाय सदस्यों की ओर से डीपीएस बोकारो के शिक्षकों के लिए एआई, रोबोटिक्स, स्टेम और शोध पद्धति पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम व फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
इस करार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और विशिष्ट पहलू यह भी है कि निर्धारित नियमों व शर्तों के अधीन डीपीएस बोकारो के शिक्षक और कर्मचारी प्रायोजित अभ्यर्थी के रूप में बीआईटी मेसरा में एमएससी, एम.टेक और पीएचडी जैसे उच्च शोध पाठ्यक्रमों में नामांकन भी ले सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।