कोयला और इस्पात क्षेत्रों में सुरक्षा होगी दोगुनी, 500 अतिरिक्त CISF जवानों की तैनाती की तैयारी
CISF DJ प्रवीर रंजन ने बीसीसीएल धनबाद और बीएसएल बोकारो का दौरा कर कोयला व इस्पात क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत ...और पढ़ें

धनबाद में कोयले की सुरक्षा में बढ़ाई जाएगी सीआइएसएफ जवानों की संख्या। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सीआईएसएफ महानिदेशक ने बीसीसीएल, बीएसएल सुरक्षा रणनीति पर की चर्चा।
कोयला क्षेत्र में 500 अतिरिक्त सीआईएसएफ जवान होंगे तैनात।
अवैध खनन, चोरी रोकने ड्रोन और समन्वय का होगा उपयोग।
जागरण संवाददाता, बोकारो। भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम कोयला कंपनी बीसीसीएल धनबाद तथा महारत्न कंपनी सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मुकम्मल करने के लिए स्थानीय प्रबंधन तथा सीआइएसएफ के महानिदेशक ने आंतरिक रणनीति तैयार की है।
CISF के डीजी प्रवीर रंजन ने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल तथा बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन के साथ वार्ता कर आपसी समन्वय के साथ वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए एक रोडमैप तैयार किया है।
DG CISF अपने एक दिवसीय दौरे पर बीसीसीएल धनबाद तथा बीएसएल बोकारो आए थे। योजना के तहत कोल सेक्टर की इकाइयों में कोयले की चोरी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए यहां 500 अतिरिक्त सीआइएसएफ जवानों की तैनाती की जाएगी। खदानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन सर्विलांस और जीपीएस युक्त उपकरणों का पूर्ण रूप से इस्तेमाल किया जाएगा।
कोयले के अवैध खनन तथा लोहा चोरी पर अंकुश लगाने के लिए माफियाओं तथा चोरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई हो, इसके लिए सीआइएसएफ, बीसीसीएल प्रबंधन, सेल प्रबंधन तथा स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर तालमेल व समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कोल तथा स्टील सेक्टर की इकाइयों के संदिग्ध ठिकानों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण तथा विशेष अभियान चलाकर सरकारी संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बीसीसीएल धनबाद, सीसीएल करगली आदि कोल सेक्टर की इकाइयों में सीआइएसएफ एमएमडीआर एक्ट के तहत कोयला चोरी व तस्करी के मामले दर्ज कर माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजेगी।
सैनिक सम्मेलन में सुनी जवानों की समस्या
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन का बतौर डीजी यह उनका पहला बीसीसीएल धनबाद व बीएसएल बोकारो इकाई का दौरा था। उनके आगमन पर बल सदस्य व अधिकारियों ने उन्हें गार्ड आफ आर्नर देकर उनका स्वागत किया।
बीसीसीएल धनबाद में यहां के सीमएडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक कार्मिक व वित्त राजेश कुमार, निदेशक तकनीकी राजीव कुमार सिन्हा, सीआइएसएफ की एडीजी नार्थ विनिता ठाकुर, आइजी पूर्वी खंड रांची प्रबोध चंद्रा, बीसीसीएल धनबाद के डीआइजी राजीव मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के संग महानिदेशक प्रवीर रंजन ने सुरक्षा तथा अन्य मसले पर आंतरिक बैठक कर कई सुझाव उन्हें दिए।
यह भी पढ़ें- CAPF में 1,554 सब इंस्पेक्टर की होगी भर्ती, 30 सितंबर तक करें आवेदन
इसके बाद उन्होंने बीसीसीएल धनबाद तथा बीएसएल बोकारो में सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीआइएसएफ जवानों की समस्या को सुनी तथा उन्हें उच्च स्तर की सतर्कता, अनुशासन, व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया।
