विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL: बीएसएल के अधिकारी-कर्मियों और ठेका श्रमिकों को दिवाली गिफ्ट, 29 अक्टूबर से बंटेंगे गिफ्ट कार्ड

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:46 PM (IST)

SAIL: बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन 2026-27 की पहली छमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को गिफ्ट कार्ड दे रहा है।

बोकारो स्टील प्लांट। (सांकेतिक फोटो)

बोकारो स्टील प्लांट। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. बीएसएल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों को गिफ्ट कार्ड।

  2. ठेका श्रमिकों को रिलायंस, अधिकारियों को अमेजन गिफ्ट कार्ड।

  3. वितरण 29 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक कार्मिक विभाग में।

जागरण संवाददाता, बोकारो। सेल प्रबंधन बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपहार स्वरूप गिफ्ट कार्ड देने जा रहा है। इसकी शुरुआत कर दी गई है।

सबसे पहले बीएसएल में काम करने वाले सभी महिला और पुरुष ठेका श्रमिकों को रिलायंस कंपनी का गिफ्ट कूपन कार्ड दिया जाएगा। इसका वितरण 29 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक उनके संबंधित कार्मिक विभागों में किया जाएगा।

गिफ्ट कार्ड का वितरण रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

इसके लिए ठेका श्रमिकों को पहचान पत्र के रूप में कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी गेटपास और आधार कार्ड अपने संबंधित कार्मिक विभाग के अधिकारी को दिखाना होगा। इस कार्ड के जरिए वे बोकारो सहित देश के किसी भी प्रतिष्ठान से खाने-पीने की वस्तुओं समेत अन्य सामग्री की खरीदारी कर सकेंगे।

1 सितंबर 2026 तक सेवा में रहे कर्मियों को मिलेगा लाभ

सेल प्रबंधन बोकारो इस्पात संयंत्र में काम करने वाले उन सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को गिफ्ट कूपन कार्ड देगा, जो 1 सितंबर 2026 तक बीएसएल में कार्यरत थे।

इनमें ठेका श्रमिकों को रिलायंस कंपनी का गिफ्ट कूपन, जबकि बीएसएल के अधिकारियों और कर्मचारियों को अमेजन कंपनी का गिफ्ट कार्ड दिया जाएगा।

ठेका श्रमिकों को 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक गिफ्ट कार्ड वितरित करने के बाद बीएसएल के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी दीपावली से पहले यह उपहार दे दिया जाएगा। बीएसएल कर्मियों के लिए गिफ्ट कार्ड प्राप्त करते समय अपना गेटपास साथ रखना अनिवार्य किया गया है।

यह भी पढ़ें- SAIL के दो वरिष्ठ अधिकारियों का एसआइएसडी में तबादला, तीन साल के लिए मिली नियुक्ति

यह भी पढ़ें- SAIL में प्रशासनिक फेरबदल, ईडी और जीएम समेत 14 अधिकारियों का तबादला