विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं! बोकारो SP Office के सिपाही का मोबाइल हैक कर उड़ाए 44 हजार रुपये

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:41 PM (IST)

Bokaro Crime News: बोकारो में साइबर अपराधियों ने एसपी कार्यालय के सिपाही बृजेश कुमार का मोबाइल हैक कर उनके खाते से 44 हजार रुपये उड़ा लिए।

बोकारो में साइबर ठगी का शिकार हुआ पुलिसकर्मी। (प्रतीकात्मक फोटो)

बोकारो में साइबर ठगी का शिकार हुआ पुलिसकर्मी। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बोकारो सिपाही का मोबाइल हैक, 44 हजार रुपये चोरी।

  2. साइबर अपराधियों ने पुलिसकर्मी को बनाया निशाना, सुरक्षा पर सवाल।

  3. एक अन्य मामले में 1.36 लाख रुपये की यूपीआई धोखाधड़ी।

जागरण संवाददाता, बोकारो। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे। आम और खास लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर अपराधियों ने इस बार बोकारो में पुलिस को ही चुनौती दे दी।

बोकारो सिटी थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय की क्राइम शाखा में तैनात सिपाही बृजेश कुमार का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 44 हजार रुपये उड़ा लिए गए। घटना ने साइबर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिटी थाना पुलिस ने एसपी कार्यालय की क्राइम शाखा में तैनात सिपाही बृजेश कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। बृजेश ने पुलिस को बताया कि छह तारीख को उनका मोबाइल हैक कर खाते से 44 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।

रुपये निकलने के बाद भी उनके मोबाइल पर इससे संबंधित कोई संदेश नहीं आया। इस कारण उन्हें तत्काल खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी नहीं मिल सकी। आठ तारीख को वह एसबीआइ के कोर्ट एरिया स्थित एटीएम पहुंचे और खाते का विवरण निकाला।

इसी दौरान उन्हें खाते से रुपये की निकासी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। शिकायत के अनुसार, जांच के क्रम में शिबू कुमार नामक व्यक्ति की संलिप्तता की जानकारी सामने आई।

बृजेश ने प्राथमिकी के साथ बैंक का विवरण भी पुलिस को सौंपा है। साथ ही आरोपित के बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना मेें नुतनडीह बरमसीया चंदनकियारी निवासी आकाश चटर्जी ने बताया है कि उनका मोबाइल बीते मंगलवार को हटिया में कही खो गया।

वह ओपी में सनहा भी कराए। उनके मोबाइल व सिम कार्ड का प्रयोग कर साइबर अपराधियों ने यीपीआइ बना लिया और एक लाख 36 हजार रुपये की निकासी कर ली।

यह भी पढ़ें- गोमो होकर टाटा-बक्सर स्पेशल ट्रेन आज से, छठ तक झारखंड-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- छह महीने बाद खुली केंदुआ की मुख्य सड़क, धनबाद-बोकारो मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू