बोकारो में शोरूम से 500 मीटर दूर धू-धूकर जली नई कार, चाय दुकानदार घायल
Bokaro News: बोकारो में शोरूम से निकलने के कुछ ही देर बाद एक नई कार आग की चपेट में आकर ...और पढ़ें

बोकारो में शोरूम से पास में जलती कार। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, बोकारो। बुधवार दोपहर लगभग एक बजे बारी को-ऑपरेटिव निवासी हिमांशु कुमार की नई कार शोरूम से निकलने के महज 500 मीटर बाद ही आग की चपेट में आकर जल गई। दस लाख रुपये मूल्य की इस कार को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद लेकर हिमांशु शोरूम से निकले थे।
इसी दौरान कुछ दूरी पर पहुंचते ही वाहन पर से उनका संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी में चल रही चाय की दुकान के चूल्हे से टकरा गई। चूल्हे की आग के संपर्क में आते ही कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में चाय दुकानदार सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। झामुमो नेता मंटू यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल समाचार लिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। नई कार में आग लगने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा और वह जल गई। वहीं, आग की चपेट में आने से बाइक को भी क्षति हुई।
बताया जाता है कि हिमांशु कुमार नई कार खरीदने के बाद जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कर शोरूम से निकले ही थे कि यह दुर्घटना हो गई। शोरूम से कुछ ही दूरी पर हुए इस हादसे ने नई कार को पूरी तरह नुकसान पहुंचाया।
