विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL Board में केंद्र के दो नए सदस्य नामित, IAS सरिता चौधरी और विनोद कुमार ओझा को मिली जगह

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:53 PM (IST)

SAIL Director Board में भारत सरकार द्वारा दो नए सदस्य, सरिता चौधरी और विनोद कुमार ओझा, नियुक्त किए गए हैं। ...और पढ़ें

SAIL बोर्ड में दो नए सदस्यों की नियुक्ति। (प्रतीकात्मक फोटो)

SAIL बोर्ड में दो नए सदस्यों की नियुक्ति। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. सेल बोर्ड में दो नए सरकारी सदस्य नियुक्त।

  2. सरिता चौधरी और विनोद ओझा को मिली जगह।

  3. लंबित पदोन्नति और अन्य मुद्दों का होगा समाधान।

जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के निदेशक मंडल में भारत सरकार की ओर से नामित दो नए सदस्यों का चयन कर लिया गया है। इस पद के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सरिता चौधरी तथा विनोद कुमार ओझा को सेल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में सदस्य के रूप में नामित किया गया है।

इसकी आधिकारिक सूचना सेल मुख्यालय की ओर से मुंबई स्टॉक एक्सचेंज को दे दी गई है। इसके साथ ही सेल में मुख्य महाप्रबंधक से अधिशासी निदेशक पद तक लंबित पदोन्नति योजना समेत कई महत्वपूर्ण मसलों का समाधान अब जल्द संभव हो सकेगा।

महारत्न कंपनी सेल में उक्त दोनों अधिकारियों की बोर्ड सदस्य के रूप में नियुक्ति के साथ ही यहां निदेशक मंडल में सदस्यों की संख्या 9 से बढ़कर 10 हो जाएगी।

स्वतंत्र निदेशकों के चयन की प्रक्रिया तेज

सेल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में कार्यकारी निदेशक, स्वतंत्र निदेशक और भारत सरकार की ओर से नामित सदस्यों के लिए कुल 18 पद सृजित हैं। वर्तमान में निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक के सात पद रिक्त हैं। इनमें से केवल एक पद पर प्रणव राय कार्यरत हैं।

यह कंपनी प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। सेल प्रबंधन ने स्वतंत्र निदेशक के रिक्त छह अन्य पदों को भरने की कवायद तेज कर दी है। वहीं, स्वतंत्र निदेशक के एक पद पर महिला अधिकारी की नियुक्ति का प्रस्ताव भी कंपनी प्रबंधन की ओर से इस्पात मंत्रालय को भेजा गया है।

बता दें कि दैनिक जागरण ने आज के अंक में सेल बोर्ड में भारत सरकार की ओर से सदस्यों की कमी को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।

खबर में यह भी उल्लेख किया गया था कि आईएएस अधिकारी सरिता चौधरी को सेल निदेशक मंडल में सदस्य के रूप में जगह मिल सकती है। अब इस्पात मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।

यह भी पढ़ें- SAIL ED Promotion पर संकट गहराया, बोर्ड सदस्यों की कमी बनी बाधा; सरिता चौहान से उम्मीद

यह भी पढ़ें- SAIL सतर्कता विभाग में पारदर्शिता के लिए बनेगी नई टीम, प्रबंधक से मुख्य महाप्रबंधक तक को मिलेगा स्थान