झारखंड में अपराधियों का धनतेरस धमाका! गिरिडीह के बाद बोकारो में लूट, दो राउंड फायरिंग
Bokaro News: नकाबपोश अपराधियों ने एक सोना-चांदी व्यवसायी से आभूषण लूट लिए, वारदात से पहले हवा में दो राउंड फायरिंग ...और पढ़ें

बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूट की घटना को दिया अंजाम। (एआइ फोटो)
HighLights
बोकारो में सोना-चांदी व्यवसायी से हुई लूट।
अपराधियों ने वारदात से पहले की दो राउंड फायरिंग।
गिरिडीह लूट के बाद पुलिस सुरक्षा पर सवाल।
संवाददाता, बेरमो (धनबाद)। झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार स्थित यूको बैंक से चार करोड़ रुपये के सोने की लूट की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि शुक्रवार को बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
अरहाडीह पंचायत स्थित मैदान के पास नकाबपोश अपराधियों ने एक सोना-चांदी व्यवसायी से सोने और चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने हवा में दो राउंड फायरिंग भी की। पीड़ित रिंकू स्वर्णकार ने बताया कि लूटे गए सामान में करीब आधा किलो चांदी, 13 जोड़ी पायल और पांच ग्राम सोना शामिल हैं।
लगातार हो रही लूट की घटनाओं से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपराधी भी बेखौफ होकर अपना धनतेरस मना रहे हैं। दूसरी ओर, त्योहार के मौके पर पुलिस से जिस तरह की सतर्कता और मुस्तैदी की अपेक्षा की जाती है, वह धरातल पर नजर नहीं आ रही है। एक के बाद एक आपराधिक घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नावाडीह प्रखंड के बोदरो निवासी रिंकू स्वर्णकार निमियाघाट थाना क्षेत्र के पोडदाग में अपनी दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अरहाडीह पंचायत के सुनसान मैदान के पास मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। रिंकू स्वर्णकार के अनुसार, अपराधियों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर हवा में दो राउंड फायरिंग की।
इसके बाद उनके पास मौजूद आभूषण लूटकर सड़क के रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद रिंकू स्वर्णकार ने नावाडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद नावाडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।