धनवार में दिनदहाड़े UCO Bank में करोड़ों का डाका, 20 मिनट तक बंदूक के साये में रहे बैंककर्मी और ग्राहक
Giridih UCO Bank Robbery: धनवार बाजार स्थित यूको बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करोड़ों के जेवरात और लाखों ...और पढ़ें

धनवार यूको बैंक में लूट के बाद जमा लोगों की भीड़। (फोटो जागरण)
HighLights
धनवार यूको बैंक में दिनदहाड़े पांच हथियारबंद अपराधियों ने की लूट।
तीन-चार करोड़ के सोने के जेवरात और 10-12 लाख नकद लूटे।
बैंक थाना से 200 मीटर दूर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
संवाद सहयोगी, धनवार (गिरिडीह)। UCO Bank Robbery Dhanwar: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार में बैंक लूट की बड़ी घटना घटी है। धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े पांच हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया।
अपराधी बैंक के लॉकर से करीब तीन-चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 10-12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। बैंक प्रबंधक के अनुसार, अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक में उत्पात मचाया।
इस दौरान बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंदूक के बल पर बंधक बनाकर रखा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
बैंक प्रबंधक के अनुसार, गुरुवार को दोपहर करीब 12:44 बजे पांच अपराधी बैंक के अंदर घुसे। सभी हथियारों से लैस थे। बैंक में प्रवेश करते ही अपराधियों ने बंदूक का भय दिखाकर वहां मौजूद बैंक कर्मियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया।
एक अपराधी ने बैंक प्रबंधक के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने एक-एक कर वहां मौजूद सभी लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे सोने के जेवरात और नकदी को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया।
इस दौरान बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे पीड़ित मो. महताब ने बताया कि पांच अपराधियों ने अंदर आते ही सभी को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। अपराधी उनसे रुपये मांग रहे थे। जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। अपराधियों ने लूटपाट के बाद बैंक के मुख्य द्वार पर बाहर से ताला बंद कर दिया और फरार हो गए।
बताया जाता है कि अपराधियों ने करीब 20 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया। बैंक प्रबंधक ने लूटे गए सोने के जेवरात का अनुमानित मूल्य तीन से चार करोड़ रुपये तथा नकदी की राशि 10 से 12 लाख रुपये बताई है।
अपराधियों के फरार होने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। मुख्य द्वार को अंदर से जोर-जोर से पीटने पर आसपास के लोगों का ध्यान गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गेट खोलकर बैंक के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार दल-बल के साथ वहां पहुंचे। इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।
पुलिस बैंक कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक में दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत व्याप्त है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।