विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में दुर्गापूजा पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 16 से 21 अक्टूबर तक कई मार्गों पर प्रतिबंध

Published: Thu, 15 Oct 2026 01:32 PM (IST)

बोकारो में दुर्गापूजा के दौरान 16 से 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। दोपहर 2 बजे ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा पर बोकारो के ट्रैफिक रूट में बदलाव।(प्रतीकात्मक फोटो)

दुर्गा पूजा पर बोकारो के ट्रैफिक रूट में बदलाव।(प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, बोकारो। दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बोकारो शहरी क्षेत्र में सुगम यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

एसडीओ, चास प्रांजल ढांडा एवं ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था 16 से 21 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक निर्धारित मार्गों पर यातायात प्रतिबंध एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था लागू रहेगी।

एसडीओ ने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित समय एवं स्थलों पर वाहनों को रोकने तथा यातायात व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दुर्गापूजा के दौरान निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

प्रमुख यातायात निर्देश एवं मार्ग परिवर्तन

  • जोधाडीह मोड़–महावीर चौक: चारपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।

  • धर्मशाला चौक–महावीर चौक: चारपहिया और तिपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक।

  • आईटीआई मोड़ (बुलेट शोरूम)–धर्मशाला मोड़: भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।

  • चेक पोस्ट–चास थाना की ओर: चारपहिया और तिपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक।

  • चास–नया मोड़: चारपहिया और तिपहिया वाहन हवाई अड्डा से दाहिने मुड़कर राम मंदिर चौक और राजेंद्र चौक होते हुए नया मोड़ जाएंगे।

  • एमजीएम स्कूल गेट–कालीबाड़ी मोड़: सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।

  • बसंती मोड़–कालीबाड़ी: चारपहिया और तिपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक।

  • हटिया मोड़ (शहीद इनायत चौक)–पूजा पंडाल: चारपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।

  • जरीडीह टोल प्लाजा एवं जरीडीह फोरलेन चौक–जरीडीह बाजार: दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक।

  • तेलमच्चो–सेक्टर-11 होते हुए शहर की ओर: भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।

  • पुलिस केंद्र मोड़ हाईवे–सेक्टर-12 मोड़: भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक। 

माराफारी क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष व्यवस्था 

  • एनएच-23: मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनों लेन चालू रहेंगी।

  • बालीडीह से बोकारो आने वाला मार्ग: आधे हिस्से में जुलूस और शेष आधे हिस्से में चारपहिया, तिपहिया एवं दोपहिया वाहनों का परिचालन होगा।

  • भारी वाहन (बालीडीह से बोकारो): जुलूस के दौरान स्टेशन मोड़, बालीडीह में रोके जाएंगे।

  • भारी वाहन (आईटीआई मोड़ से बालीडीह): तेलीडीह फोरलेन चौक के पास रोके जाएंगे।

  • वैकल्पिक मार्ग (बालीडीह से नया मोड़): चारपहिया वाहन स्टेशन मोड़ से रेलवे पुल होते हुए माराफारी के रास्ते नया मोड़ जाएंगे।

भारी वाहनों के परिचालन पर समयबद्ध प्रतिबंध

शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 08 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

आवश्यकता के अनुसार तेलमच्चो टोल प्लाजा, तालगड़िया मोड़, आईटीआई मोड़, टांड़बालीडीह टोल प्लाजा एवं पिंड्राजोरा सीमा चेकपोस्ट पर भारी वाहनों को रोका जाएगा।

यह भी पढ़ें- CISF का बड़ा पुनर्गठन: औद्योगिक सुरक्षा में नया कमांड ढांचा लागू, कोयला सेक्टर रांची डीआइजी के कंट्रोल में

यह भी पढ़ें- बोकारो में शोरूम से 500 मीटर दूर धू-धूकर जली नई कार, चाय दुकानदार घायल