विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में बैंक मैनेजर के घर दिनदहाड़े 10 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:17 PM (IST)

बोकारो के सेक्टर चार डी में एक बैंक मैनेजर के घर दिनदहाड़े 10 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी ...और पढ़ें

बोकारो में बैंक मनेजर के घर में चोरी। (प्रतीकात्मक फोटो)

बोकारो में बैंक मनेजर के घर में चोरी। (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, बोकारो। शहर के सेक्टर चार डी आवास संख्या 2354 में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी चुरा ली। गृहस्वामी श्याम कुमार यादव भारतीय स्टेट बैंक की भंडारीदह शाखा, चंद्रपुरा में बतौर सर्विस मैनेजर कार्यरत हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को हुई इस घटना में गृहस्वामी के बयान पर शुक्रवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

श्याम कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब नौ बजे ड्यूटी के लिए बैंक चले गए थे। इसके लगभग एक घंटे बाद उनकी पत्नी भी सामान खरीदने बाजार चली गईं। दोपहर करीब तीन बजे जब पत्नी घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर सामान की जांच करने पर अलमारी में रखे गहने और नकदी गायब मिले। गृहस्वामी ने बताया कि इसके बाद पत्नी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना उन्होंने दी और कार्यस्थल से घर पहुंचे।

चोर घर से सोने की दो अंगूठियां, एक सोने का हार, दो नथुनी, एक सोने का सिक्का, हीरे का लाकेट, मांगटीका, चांदी की पायल, चांदी का सिक्का और 10 हजार रुपये नकद ले गए। गृहस्वामी के अनुसार, गहने अलमारी में रखे थे। इनकी कीमत दस लाख रुपये के लगभग थी।

अलमारी की चाबी पास में ही रखी हुई थी। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चाबी से अलमारी खोलकर गहने निकाल लिए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

आवास के समीप स्थित शिव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर लगे कैमरों में संदिग्धों की तस्वीरें कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

यह भी पढ़ें- धनबाद-बोकारो रोड पर छह महीने बाद खत्म होगा संकट केंदुआडीह में दुर्गापूजा से पहले खुलेगी बंद सड़क

यह भी पढ़ें- Varanasi-Kolkata Expressway का गिरिडीह सांसद ने किया निरीक्षण, खेतों में फ्लाई एश से फसल बर्बाद; मुआवजे की उठी मांग