बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख की लूट, ATM में कैश डालने जा रहे कर्मी को गिराकर बैग ले उड़े बाइक सवार अपराधी
Bokaro ATM Cash Employee Loot: बोकारो में एटीएम में कैश डालने जा रहे निजी कंपनी के कर्मी से 21.40 लाख ...और पढ़ें

लूट के बाद घटनास्थल पर जांच करती बोकारो पुलिस। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
बोकारो में एटीएम कैश कर्मी से 21.40 लाख की लूट।
पल्सर सवार दो अपराधियों ने धक्का देकर रुपयों से भरा बैग छीना।
पुलिस सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अपराधियों की तलाश कर रही।
जागरण संवाददाता, बोकारो। Bokaro Crime News: झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने एटीएम में कैश डालने जा रहे निजी कंपनी के कर्मी से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए।
हेलमेट पहने पल्सर सवार दो अपराधियों ने पहले कर्मी को धक्का देकर बाइक से गिरा दिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
अकेले ही बाइक से जा रहा था विजय कुमार
चास के रामनगर कालोनी निवासी विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह हिटाची पेमेंट सर्विसेज नामक कंपनी के कर्मी हैं। शनिवार को वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर बालीडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित हिटाची कंपनी के एटीएम में कैश डालने जा रहे थे। वह बाइक से अकेले ही निकले थे।
इसी दौरान मनसा सिंह गेट के पास पीछे से आए पल्सर सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, दोनों अपराधी रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले।
विजय के अनुसार, उन्हें इस बात का अंदेशा भी नहीं था कि कोई उनका पीछा कर रहा है। अचानक हुई इस घटना से वह संभल नहीं सके और अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी के अनुसार निजी कंपनी के कर्मी की चूक
मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि निजी कंपनी का कर्मी इतनी बड़ी रकम लेकर अकेले बाइक से जा रहा था। उसके साथ कोई सुरक्षा गार्ड भी नहीं था और न ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी।
इतनी बड़ी रकम ले जाने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई, इसकी भी जांच की जा रही है। कर्मी से इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
डीएसपी ने बताया कि लूट की घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- डेयरी मिल्क मांग रहा था मासूम, मामा ने थमा दी पिस्तौल; बोकारो में खेल-खेल में साहिल की माैत
यह भी पढ़ें- विस्थापितों के आंदोलन का असर, बोकारो स्टील प्लांट का 25 हजार करोड़ का विस्तारीकरण टलने के आसार
