डेयरी मिल्क मांग रहा था मासूम, मामा ने थमा दी पिस्तौल; बोकारो में खेल-खेल में साहिल की माैत
बोकारो में मामा ने खिलौना बताकर अवैध पिस्तौल दी, जिससे खेलते समय ट्रिगर दबने से साढ़े तीन साल के मासूम ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बोकारो। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट में शनिवार की सुबह अवैध तमंचा से गोली चलने के कारण साढ़े तीन वर्षीय मासूम साहिल राम की मौत हो गई।
साहिल के मामा राजेश दास ने उसे खिलौना बताकर पिस्तौल दे दी थी। मासूम ने खेल-खेल में उसका ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली उसके सिर में लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, आरोपित मौके से फरार हो गया।
साहिल की मां शांभा देवी ने बताया कि शनिवार की सुबह उनका बेटा सोकर उठा और भूख लगने की बात कही। इसके बाद उन्होंने उसे चाय और ब्रेड खिलाई। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला उनका भाई 21 वर्षीय राजेश दास उनके घर पहुंचा।
साहिल ने उससे डेयरी मिल्क लाने की बात कही। इस पर राजेश ने भांजे से कहा कि वह उसके लिए एक खिलौना लाया है। उसने खिलौना बताकर बच्चे को पिस्तौल दे दी।
मासूम पिस्तौल को खिलौना समझकर खेलने लगा। इसी दौरान उसके हाथ से ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके सिर में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर वह बेटे के पास पहुंची तो देखी कि बेटा के सर से खून बह रहा है वह मौके पर गिरा हुआ है।
साहिल की मां ने बताया कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका भाई राजेश बच्चे को असली पिस्तौल दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इसकी जानकारी होती तो वह कभी बच्चे को पिस्तौल नहीं लेने देतीं।
उन्होंने पहली बार अपने भाई के हाथ में पिस्तौल देखी थी और उन्हें लगा था कि वह भांजे के लिए कोई खिलौना लेकर आया है। महिला ने बताया कि घटना के बाद बेटे का लेकर वह लोग बीजीएच व चास के एक निजी अस्पताल गए। डाक्टरों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव लेकर घर आ गई।
घटना की सूचना मिलने पर माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
पुलिस ने अवैध पिस्तौल बरामद कर ली है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
