दीपावली के बाद बोकारो की हवा में प्रदूषण का विरोधाभास, SAIL के आंकड़े राहत भरे, निजी वेबसाइट ने बताया खतरनाक
Bokaro Air Pollution: बोकारो में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण के स्तर पर सरकारी और निजी निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में विरोधाभास सामने आया है।

बोकारो की हवा पर दो अलग-अलग तस्वीर। (एआइ फोटो)
HighLights
SAIL के अनुसार, दीपावली बाद PM-10 स्तर में कमी आई।
निजी वेबसाइटों ने बोकारो का AQI 185 (अस्वास्थ्यकर) बताया।
आंकड़ों में अंतर से वास्तविक वायु गुणवत्ता पर सवाल।
जागरण संवाददाता, बोकारो। दीपावली के बाद बोकारो की हवा में प्रदूषण के स्तर को लेकर दो अलग-अलग तस्वीर सामने आई है। बोकारो स्टील प्लांट (SAIL) पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास विभाग के निगरानी केंद्र के अनुसार, नौ नवंबर की शाम पांच बजे पीएम-10 का स्तर महज 45.86 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था, जो राष्ट्रीय मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर से काफी कम है।
वहीं, निजी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग वेबसाइट पर उसी दिन रात 8:30 बजे बोकारो का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 185 दर्ज किया गया, जो अस्वास्थ्यकर श्रेणी में आता है। वेबसाइट पर पीएम-2.5 की मात्रा 104.4 और पीएम-10 की मात्रा 110.5 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दिखाई गई।
दोनों निगरानी स्रोतों के आंकड़ों में अंतर ने दीपावली के बाद शहर की वास्तविक वायु गुणवत्ता के आकलन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीएसएल के आंकड़ों में प्रदूषण का स्तर घटा : बीएसएल के निगरानी केंद्र के अनुसार, सात नवंबर को पीएम-2.5 का औसत स्तर 6.43 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था, जो दीपावली यानी आठ नवंबर को बढ़कर 8.39 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर हो गया।
इस तरह इसमें करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं पीएम-10 का औसत स्तर सात नवंबर को 68.88 और आठ नवंबर को 68.94 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। नौ नवंबर की शाम पांच बजे पीएम-10 का स्तर घटकर 45.86 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पर आ गया।
यह दीपावली के दिन के औसत स्तर से करीब 33.5 प्रतिशत कम है। हालांकि, दोनों आंकड़ों की मापन अवधि अलग होने के कारण इसे दैनिक औसत की सीधी तुलना नहीं माना जा सकता।
देर रात तक हुई आतिशबाजी, समय सीमा का नहीं हुआ पालन
एक्यूवेदर के अनुसार सात, आठ और नौ नवंबर को बोकारो का एक्यूआई क्रमश: 170, 160 और 135 रहा। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली पर रात आठ से दस बजे तक ही पटाखे फोड़ने की समय सीमा निर्धारित की थी। इसके बावजूद शहर में देर रात तक आतिशबाजी होती रही।
ऐसे में अलग-अलग निगरानी स्रोतों से मिल रहे आंकड़े प्रदूषण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नियमित और पारदर्शी निगरानी की जरूरत बताते हैं। इसके लिए निगरानी केंद्रों के आंकड़ों, मापन अवधि और स्थान की जानकारी सार्वजनिक करना भी जरूरी है, ताकि शहरवासी हवा की गुणवत्ता की सही स्थिति समझ सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।