लापता लड़की व गायब युवक लौटे
बोकारो : अपहरण के अंदेशे में गायब बच्ची और युवक सकुशल घर लौट आए। कथित तौर पर अगवा युवक और बच्ची के मामले में तह तक जाने के लिए पुलिस संजीदगी से पड़ताल में जुट गई है। बताया गया कि सेक्टर वन सी निवासी इस्पात अधिकारी एनके सिंह का 23 वर्षीय पुत्र अंकुर 17 जुलाई को अपनी कार से निकला। इसके बाद उसके पिता ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे को अगवा कर लिया गया है। अगवा करने वाले तीन युवक फिरौती में पंद्रह लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
सिटी पुलिस ने इस्पात अधिकारी सिंह की शिकायत पर आसनसोल निवासी बलराम, संदीप समेत तीन के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। तह तक जाने पर इस बात की भनक पुलिस को लगी कि मामला अपहरण का नहीं बल्कि लेन-देन का है। बुधवार को युवक अंकुर अपने घर लौट आया। उसने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी दी कि तीनों युवकों से उसने बीस हजार रुपया कर्ज लिया था। कर्ज लौटाने का समय एक माह तय हुआ लेकिन दस दिन बाद ही तीनों रुपया वापस करने के लिए दबाव देने लगे।
वह आसनसोल गया तो उसे वहां रोक लिया गया। कार के कागजात एवं कुछ अन्य सामान आरोपियों ने जबरन छीन लिया। बाद में रुपये देने का दबाव डालकर उसके साथ मारपीट भी की गई। किसी तरह वह बोकारो लौटा। पुलिस इस मामले में युवक का बयान अदालत में कलमबद्ध कराने की तैयारी में जुट गई है।
दूसरी ओर, जरीडीह थाना इलाके से गायब 13 वर्षीय खुशबू कुमारी नामक बच्ची भी सकुशल लौट आई। बताया गया कि बच्ची के पिता ने थाना में कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बच्ची के मामले में जब प्रारंभिक पड़ताल की गई तो कुछ लोगों से जानकारी मिली कि वह एक अन्य थाना की पुलिस को कुछ दिन पहले मिली थी। तब उसे महिला दारोगा के घर रहने के लिए भेज दिया गया।
वर्तमान में देवघर मेला ड्यूटी में गई महिला दारोगा को जब जानकारी मिली कि बच्ची जरीडीह से गायब हुई है तो उसने पुलिस से संपर्क साधा। बच्ची को जरीडीह पुलिस लेकर देवघर से लौटी। बुधवार को कोर्ट में जब बच्ची का बयान दर्ज कराया गया तो उसने कुछ लोगों पर जबरन उठाकर ले जाने का आरोप जड़ा। बताया कि उसे अगवा करनेवाले लोगों ने काफी प्रताड़ित किया। बाद में वह किसी तरह भागी तो एक राहगीर की मदद से महिला सिपाही तक पहुंची। वह महिला सिपाही के पास थी। इसी बीच अखबारों में खबर पढ़कर महिला सिपाही ने उसे जरीडीह पुलिस के हवाले किया। पुलिस दोनों मामले में सच्चाई तक पहुंचने के लिए संजीदगी से पड़ताल में जुट गई है।