विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! बैटरी कार मार्ग पर मिट्टी धंसने से यात्रा प्रभावित

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:02 AM (IST)

कटड़ा में तेज गर्मी और उमस से वैष्णो देवी के श्रद्धालु बेहाल रहे, वहीं त्रिकुटा पर्वत पर छाई धुंध के कारण हेलीकॉप्टर सेवा दोपहर बाद बाधित हो गई।

माँ वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन को लेकर भवन की और बढ़ते श्रद्धाल।

माँ वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन को लेकर भवन की और बढ़ते श्रद्धाल

HighLights

  1. उमस भरी गर्मी से वैष्णो देवी के श्रद्धालु परेशान हुए

  2. त्रिकुटा पर्वत पर धुंध से हेलीकॉप्टर सेवा बाधित रही

  3. बैटरी कार मार्ग धंसने से पारंपरिक मार्ग का उपयोग

संवाद सहयोगी, कटड़ा। कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के भवन क्षेत्र में बुधवार को दिन में दोपहर तक मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी। कटड़ा से लेकर भवन तक गर्मी का असर देखने को मिला।

श्रद्धालु यात्रा के दौरान जगह-जगह विश्राम करते हुए मां के दरबार की ओर बढ़ते नजर आए, गर्मी की मार भी उनके कदमों को नहीं रोक पाई। 

दोपहर से पहले ही त्रिकुटा पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर धुंध छाने लगी। इसके चलते मां वैष्णो देवी यात्रा के लिए उपलब्ध हेलीकॉप्टर सेवा दोपहर बाद प्रभावित रही। वही दोपहर के बाद मौसम ने रंग बदला और आसमान पर घने बादलों का जमघट शुरू हो गया और ठंडी हवाएं चलने लगी।

हेलीकॉप्टर सेवा पर निर्भर श्रद्धालुओं को मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ा। वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से पैदल ही भवन की ओर रवाना होते रहे।

उधर, मां वैष्णो देवी यात्रा के मुख्य बैटरी कार मार्ग के कुछ हिस्से सोमवार देर रात धंसने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित रही। इसके चलते श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग का सहारा लेकर भवन की ओर जाते रहे।

प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बुधवार को देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य प्रवेश मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पंजीकरण करवाने और आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के बाद श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे।

बुधवार देर शाम 6 बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना थी।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, शेड, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहे। श्रद्धालुओं में मां वैष्णो देवी के दर्शन को लेकर उत्साह बरकरार है और वे ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर बढ़ते रहे।

यह भी पढ़ें- Vaishno Devi Yatra: मां वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर! बैटरी कार सेवा बंद, पारंपरिक मार्ग से यात्रा जारी