विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vaishno Devi Yatra: मां वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर! बैटरी कार सेवा बंद, पारंपरिक मार्ग से यात्रा जारी

Published: Tue, 08 Sep 2026 04:44 PM (GMT+05:30)

Vaishno Devi Yatra update: लगातार बारिश से मां वैष्णो देवी यात्रा का बैटरी कार मार्ग धंसा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही ...और पढ़ें

बैटरी कार मार्ग के हिमकोटी क्षेत्र में धंसा हुआ हिस्सा। फोटो- इंटरनेट मीडिया

बैटरी कार मार्ग के हिमकोटी क्षेत्र में धंसा हुआ हिस्सा। फोटो- इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. बैटरी कार मार्ग का हिमकोटी क्षेत्र में हिस्सा धंसा।

  2. श्रद्धालुओं की आवाजाही और बैटरी कार सेवा स्थगित।

  3. पारंपरिक मार्ग से मां वैष्णो देवी यात्रा जारी।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। बीते सोमवार रात को लगातार हुई बारिश के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग का एक हिस्सा धंस गया। मार्ग के हिमकोटी क्षेत्र में ठंडा नाला के पास जमीन धंसने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ बैटरी कार सेवा को भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। मार्ग को दुरुस्त करने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।

मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लेने के लिए श्राइन बोर्ड के संबंधित विभागों के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि पल पल बदल रहे मौसम के कारण मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। जब तक मार्ग सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक इस हिस्से में श्रद्धालुओं की आवाजाही और बैटरी कार सेवा स्थगित रहेगी।

मां वैष्णो देवी की यात्रा पारंपरिक मार्ग से जारी 

दूसरी ओर, मां वैष्णो देवी की यात्रा पारंपरिक मार्ग से सुचारू रूप से जारी रही। श्रद्धालु घोड़ा-पिट्ठू और पालकी आदि की सेवाएं लेकर भवन की ओर रवाना होते रहे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान तैनात रहे। सुरक्षा एवं मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मंगलवार को दिन के अधिकांश समय मौसम सामान्य रहा। इसके चलते दोपहर तक श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ मिलता रहा। हालांकि, दोपहर बाद त्रिकूट पर्वत और आसपास के आसमान में बादल छा जाने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित करनी पड़ी। वहीं, भैरव घाटी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिनभर रोपवे सेवा उपलब्ध रही।

13 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना 

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।