सर्विस राइफल के साथ गायब हुआ जम्मू-कश्मीर पुलिस का स्पेशल ऑफिसर, इलाके में मचा हड़कंप
किश्तवाड़ जिले के त्रिगांव इलाके से एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) अपनी सर्विस राइफल सहित लापता हो गया है।

सर्विस राइफल के साथ एसपीओ लापता, त्रिगांव इलाके में तलाश अभियान जारी।
HighLights
एसपीओ बशीर अहमद सर्विस राइफल सहित लापता।
किश्तवाड़ के त्रिगांव इलाके में तलाश जारी।
परिवार चिंतित, अपहरण की आशंका भी जताई जा रही।
संवाद सहयोगी, किश्तवाड़। किश्तवाड़ जिले के त्रिगांव इलाके में वीरवार सुबह से एक स्पेशल पुलिस आफिसर (एसपीओ) के सर्विस राइफल सहित लापता होने का मामला सामने आया है।
लापता एसपीओ की पहचान बशीर अहमद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब सात बजे पुलिस पोस्ट से अपने घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
उसके पास सर्विस राइफल एसएलआर भी होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद उसकी तलाश में त्रिगांव और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, देर शाम समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।
परिवार की बढ़ी चिंता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बशीर अहमद के घर नहीं पहुंचने और उससे संपर्क न हो पाने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। उसकी पत्नी ने भी बताया कि लापता होने के बाद से परिवार उसका पता लगाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
एसपीओ के हथियार सहित लापता होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों से त्रिगांव और आसपास के इलाकों में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों की खबरें भी सामने आती रही हैं।
कई लोग अपहरण की जता रहे आशंका
ऐसे में कुछ लोग एसपीओ के संभावित अपहरण की आशंका जता रहे हैं। जबकि उसके स्वयं कहीं चले जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एसपीओ किन परिस्थितियों में लापता हुआ। इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एसपीओ और उसकी सर्विस राइफल का पता चलने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
