जम्मू-कश्मीर: जंगल में अभी भी छिपे हैं जैश के 6 आंतकी, सुरक्षाबलों का 'ऑपरेशन सोहन' जारी; खून से सने पैरों के निशान मिले
उधमपुर के मजालता में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मार गिराने के बाद भी सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है।

उधमपुर के जंगलों में सेना का ऑपरेशन जारी (फाइल फोटो)
HighLights
उधमपुर में जैश के दो पाकिस्तानी आतंकी मारे गए
छह आतंकी अभी भी जंगल में छिपे होने की आशंका
घायल आतंकी के खून से सने पैर के निशान मिले
जागरण संवाददाता, उधमपुर । जिले के मजालता के ब्रतल क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराने के बाद सुरक्षाबल का बड़े पैमाने पर जंगल से लेकर पहाड़ तक तलाशी अभियान चल रहा है।
मारे गए दोनों आतंकी आठ सदस्यों वाले समूह का हिस्सा बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार घेराबंदी के दौरान तीन आतंकियों ने गोलीबारी कर सुरक्षाबल को उलझाए रखा था।
इसकी आड़ में अन्य आतंकी रात के अंधेरे और दुर्गम जंगल का फायदा उठाकर निकल गए। जबकि तीन में से सद्दाम और मुस्तफा मारे गए। तीसरा आतंकी घायल हुआ है। इलाके में खून से सने पैर के निशान मिले हैं।
सुरक्षाबल दो से अधिक आतंकियों की मौजूदगी की संभावना को ध्यान में रखकर जंगल में बढ़ रहे हैं। घायल आतंकी के आसपास किसी ठिकाने पर छिपे होने की आशंका है।
ब्रतल-खुबन से बसंतगढ़ और कठुआ जिले से लगती सीमा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कठुआ और सांबा की तरफ भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। संभावित आवाजाही वाले रास्तों और संदिग्ध ठिकानों को खंगालने के साथ निगरानी बढ़ाई है। विभिन्न सुरक्षाबल और खुफिया एजेंसियां आपसी समन्वय से अभियान चला रही हैं।
मारे गए दोनों पाकिस्तानी आतंकियों सद्दाम और मुस्तफा को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वीरवार देर रात दफनाया गया।
यह भी पढ़ें- कश्मीर के सेब और जम्मू के आम पर मंडराया कुदरत का संकट, बदलते मौसम से तबाह हो रही बागवानी
ओजीडब्ल्यू से पूछताछ
हिरासत में लिए संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) से पुलिस के साथ सुरक्षा और खुफिया एजेसियां पूछताछ कर रही हैं। उसके संपर्कों को खंगालकर यह पता लगाया जा रहा है कि उसका आतंकियों से कोई संबंध था या नहीं और उसने उन्हें किसी प्रकार की मदद उपलब्ध कराई थी या नहीं।
सेना, पुलिस और एजेंसियां ओवर ग्राउंड वर्कर से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक संदिग्ध से विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। उसके संपर्कों की जांच भी जारी है।
रात और दुर्गम इलाके में सुरक्षा बलों ने मजबूत घेराबंदी बनाए रखी
मजालता के ब्रतल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल ने 16 सितंबर की रात आपरेशन सोहन शुरू कर ब्रतल-सोहान और खुबन के जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था।
घेराबंदी के दौरान आतंकियों की ओर से गोलीबारी होने पर मुठभेड शुरू हो गई। रात और दुर्गम इलाके के बावजूद सुरक्षाबल ने घेराबंदी बनाए रखी। 17 सितंबर को दो आतंकियों के शव बरामद हुए। हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया।
