पाक आतंकियों को मदद पहुंचाने वाला मोहम्मद रफीक नाइक गिरफ्तार, किश्तवाड़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सैफुल्लाह ग्रुप के एक प्रमुख आतंकी मददगार मोहम्मद रफीक नाइक को गिरफ्तार किया है।

मोहम्मद रफीक नाइक। (जागरण)
HighLights
किश्तवाड़ पुलिस ने मोहम्मद रफीक नाइक को गिरफ्तार किया।
नाइक सैफुल्लाह ग्रुप का प्रमुख आतंकी मददगार था।
छात्रू क्षेत्र में पाकिस्तानी आतंकियों को सहायता पहुंचाता था।
जागरण टीम, किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले में पाकिस्तान आतंकियों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक और प्रमुख आतंकी मददगार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार स्थानीय आरोपित मोहम्मद रफीक नाइक पर आतंकियों के सैफुल्लाह ग्रुप को मदद पहुंचाने का आरोप है।
किश्तवाड़ के एसएसपी नरेश सिंह ने बताया कि नाइक को छात्रू क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह छात्रू क्षेत्र में सैफुल्लाह ग्रुप के मुख्य हैंडलर के रूप में काम कर रहा था और पाकिस्तानी आतंकियों को सहायता मुहैया कराता था।
मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं सात आतंकी
पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सैफुल्लाह ग्रुप के सभी सात आतंकी छात्रू क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं।
इनमें चार आतंकी पिछले वर्ष और अंतिम तीन आतंकी, जिनमें स्वयंभू कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल था, फरवरी में मारे गए।
इस मामले में पहले मुनीर अहमद और मशकूर अहमद निवासी छात्रू को भी आतंकियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसे ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।
