पौनी-रियासी मार्ग सड़क हादसा, टेंपो ट्रैवलर और डंपर की टक्कर में चार लोग घायल
पौनी-रियासी मार्ग पर धनुआ जरडी क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग ...और पढ़ें

धनुआ जरडी में डंपर और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत।
HighLights
पौनी-रियासी मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर और डंपर में भीषण टक्कर हुई
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
घायल पत्नी ने पति को हिम्मत दी, पुलिस जांच जारी
संवाद सहयोगी, पौनी। पौनी-रियासी मार्ग पर धनुआ जरडी क्षेत्र में रविवार को टेंपो ट्रैवलर और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रियासी पहुंचाने में मदद की।
टेंपो ट्रैवलर और डंपर में हुई भीषण टक्कर
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर नंबर जीके02डीडी-1683 पौनी से रियासी की तरफ जा रहा था। धनुआ जरडी क्षेत्र में सामने से आ रहे डंपर नंबर जीके11सी-7892 के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे में 4 लोग हुए गंभीर रूप से घायल
हादसे में टेंपो चालक अशोक कुमार पुत्र कृष्ण लाल और उसकी पत्नी दर्शना देवी, निवासी शक्तिनगर भारख, घायल हो गए। वहीं डंपर चालक कुलदीप शर्मा पुत्र बालक राम, निवासी बजवाल, सुंदरबनी तथा डंपर में सवार राजकुमार निवासी सुंदरबनी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद टेंपो में सवार दोनों घायल पति-पत्नी को मेडिकल कॉलेज जम्मू में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
-1791106391210.webp)
दर्द और चोट की परवाह किए पति को हिम्मत दे रही थी पत्नी
धनुआ जरडी क्षेत्र में रविवार सुबह हुए हादसे के बाद का एक भावुक दृश्य भी सामने आया। खुद घायल होने के बावजूद दर्शना देवी अपने पति अशोक कुमार को दिलासा देती नजर आईं।
दर्द और चोट की परवाह किए बिना वह बार-बार अपने पति को हिम्मत देते हुए कह रही थीं कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। पत्नी का यह हौसला और पति के प्रति चिंता हादसे की गंभीरता के बीच मानवीय संवेदनाओं को भी सामने ला रही थी।
