विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी धाम के अलावा कटड़ा में है 700 साल पुराना भूमिका मंदिर, माता ने श्रीधर को कन्या के रूप में यहीं दर्शन दिए थे

Published: Tue, 13 Oct 2026 04:50 PM (IST)

कटड़ा स्थित प्राचीन भूमिका मंदिर मां वैष्णो देवी यात्रा का प्रथम पड़ाव है, जहां 700 वर्ष पूर्व मां ने बाबा श्रीधर को कन्या रूप में दर्शन दिए थे।

मां वैष्णो देवी धाम (फाइल फोटो)

मां वैष्णो देवी धाम (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मां वैष्णो देवी यात्रा का प्रथम पड़ाव है भूमिका मंदिर।

  2. 700 वर्ष पूर्व मां ने बाबा श्रीधर को दर्शन दिए थे।

  3. नवरात्र में श्रद्धालु कन्या पूजन कर यात्रा आरंभ करते हैं।

राकेश शर्मा, कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में स्थित प्राचीन भूमिका मंदिर मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा का प्रथम पड़ाव है। मान्यता है कि करीब 700 वर्ष पूर्व इसी स्थान पर मां वैष्णो देवी ने अपने परम भक्त बाबा श्रीधर को कन्या रूप में दर्शन दिए थे।

पवित्र शारदीय नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। भक्त यहां पूजा-अर्चना और कन्या पूजन करने के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा आरंभ कर रहे हैं।

भूमिका मंदिर का मां वैष्णो देवी और उनके परम भक्त बाबा श्रीधर से गहरा संबंध है। बाबा श्रीधर मां के अनन्य भक्त थे। मां की आज्ञा से उन्होंने विशाल भंडारे का आयोजन किया था, जिसमें कन्या पूजन भी किया जा रहा था।

इसी दौरान मां वैष्णो देवी ने उन्हें कन्या रूप में दर्शन दिए थे। भंडारे में शामिल भैरवनाथ भी मां के पीछे-पीछे इसी स्थान से त्रिकूट पर्वत की ओर चले गए थे। इसके बाद मां वैष्णो देवी त्रिकूट पर्वत की पवित्र गुफा में तीन पवित्र पिंडियों के रूप में विराजमान हुईं।

मंदिर की विशेषता

मंदिर के गर्भगृह में स्थापित मां वैष्णो देवी की मूर्तियां बाबा श्रीधर द्वारा स्थापित की गई थीं। श्रद्धालुओं की इस पवित्र स्थल के प्रति गहरी आस्था है।

मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना व कन्या पूजन करने वाले भक्तों पर मां की विशेष कृपा बनी रहती है। भूमिका मंदिर मां वैष्णो देवी की यात्रा का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां आने वाले अनेक श्रद्धालु सर्वप्रथम मां के दर्शन कर कन्या पूजन करते हैं और इसके बाद भवन की यात्रा के लिए रवाना होते हैं।

नवरात्र के दौरान मंदिर में सुबह-शाम पूजा-अर्चना के साथ हवन-यज्ञ भी किए जा रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मां वैष्णो देवी से श्रद्धालुओं के कल्याण और जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की जा रही है।

ऐसे पहुंचें प्राचीन भूमिका मंदिर

प्राचीन भूमिका मंदिर आधार शिविर कटड़ा से करीब 700 मीटर की दूरी पर कटड़ा-उधमपुर मार्ग पर स्थित है। प्राकृतिक जलधाराओं, बावलियों और घने जंगलों से घिरा यह प्राचीन मंदिर धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी केंद्र है। श्रद्धालु यहां पैदल या वाहन से आसानी से पहुंच सकते हैं।

प्राचीन भूमिका मंदिर के पुजारी शुभम शर्मा ने बताया की वह मां वैष्णो देवी के परम् भक्त बाबा श्रीधर के वंशज हैं और निरंतर मंदिर में पूजा अर्चना व हवन यज्ञ कर रहे हैं, जो भी भक्त मां के इस पवित्र मंदिर में हाज़री लगाने आता हैं मं वैष्णो देवी सभी मनोकामनायें पूर्ण करती हैं।

इसी के साथ ही जो भक्त यात्रा आरम्भ करने से पहले इस पवित्र मंदिर में कन्या पूजन करते हैं उनकी मां वैष्णो देवी यात्रा पूर्ण होती हैं और मां वैष्णो देवी की कृपा सदा बनी रहती हैं।

यह भी पढ़ें- बारिश और घने बादलों के बीच भव्य रोशनी से जगमगाया मां वैष्णो देवी का दरबार, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

यह भी पढ़ें- नवरात्र में जा रहे हैं वैष्णो देवी? घर बैठे ऐसे करें यात्रा पर्ची का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, RFID कार्ड क्यों है जरूरी