कश्मीरी हिंदुओं को मिलेंगे 6000 फ्लैट, 5176 बनकर तैयार; सरकार कब सौंपेंगी घर की चाबी?
घाटी में पीएम पैकेज के तहत कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया है।
-1789624197861_m.webp)
कश्मीरी हिंदुओं को मिलेंगे 6000 फ्लैट (फाइल फोटो)
HighLights
पीएम पैकेज के तहत 5,176 फ्लैटों का निर्माण पूरा
शेष आवासीय कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश
जम्मू के विस्थापित शिविरों में मरम्मत को 82.45 करोड़ मंजूर
राज्य ब्यूरो,श्रीनगर। घाटी में पीएम पैकेज के तहत कार्यरत विस्थापित कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया है। 20 स्थानों पर स्वीकृत 6,000 फ्लैटों में से 5,176 का निर्माण पूरा हो चुका है।
हाल के दिनों में कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को मिली आतंकी धमकियों के बीच सरकार ने शेष आवासीय एवं संबद्ध कार्यों को समयबद्ध तरीके से जल्द पूरा कर तैयार फ्लैटों को पात्र कर्मचारियों को चरणबद्ध ढंग से सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण विभाग (डीएमआरआरएंडआर) की परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बुधवार को हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया।
अंतिम चरण में है प्रक्रिया
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल कुमार सिंह और डीएमआरआरएंडआर के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती ने बताया कि अधिकांश आवासीय स्थलों पर लिफ्ट, आंतरिक सड़क, जल निकासी और सामुदायिक भवन जैसे संबद्ध कार्य अंतिम चरण में हैं।
सरकार ने शेष कार्यों की समयसीमा तय करते हुए पहले से किए गए आवंटन के आधार पर पात्र कर्मचारियों को तैयार फ्लैटों का कब्जा देने को कहा है।
विस्थापित शिविरों पर 82.45 करोड़ रुपये
जम्मू के विभिन्न विस्थापित शिविरों में पुराने ब्लॉकों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए सरकार ने 82.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम जल्द शुरू होने की संभावना है। पुरखू, नगरोटा, मुट्ठी और जगटी में 20 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।
