कश्मीरी पंडित कर्मचारियों का सरकार को अल्टीमेटम, 30 सितंबर तक आवास नहीं तो होगी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कश्मीरी पंडित कर्मचारियों ने श्रीनगर में प्रदर्शन कर 30 सितंबर तक ट्रांजिट आवास आवंटन की मांग की है।
-1788970757319_m.webp)
पीएम पैकेज कर्मचारियों का सरकार को अल्टीमेटम।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कश्मीरी पंडित कर्मचारियों का आवास और सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। बुधवार को कर्मचारियों ने प्रेस कॉलोनी, श्रीनगर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर सरकार से जल्द ट्रांजिट आवास आवंटित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सरकारी आवास का इंतजार कर रहे हैं और इस समय महंगे किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर 30 सितंबर तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन प्रदर्शन और भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगे।
कर्मचारियों की यह मांग सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के बीच उठी है, जिसके तहत घाटी में कश्मीरी प्रवासी कर्मचारियों के लिए 6000 ट्रांजिट आवास फ्लैट बनाए जा रहे हैं। प्रशासन ने मार्च में हुई समीक्षा बैठक में बताया था कि इनमें से 4128 फ्लैट पूरे हो चुके हैं जबकि बाकी 1872 फ्लैट चरणबद्ध तरीके से बनाए जा रहे हैं। अंतिम 456 यूनिट को सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फ्लैट तैयार हैं तो आवंटन क्यों नहीं
प्रदर्शनकारियों का सवाल है कि जब हजारों फ्लैट तैयार हैं तो उनका आवंटन क्यों रोका गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तैयार फ्लैटों का तुरंत आवंटन किया जाए और उनके लिए स्थायी आवास समाधान की दिशा में ठोस नीति बनाई जाए।
आवास के साथ-साथ सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है। अगस्त महीने में ही ऑल पीएम पैकेज एम्प्लॉइज फोरम ने कार्यस्थलों, आवासीय परिसरों और आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- घाटी में कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों का नंबर और गाड़ी की डिटेल लीक, नौकरी छोड़ने धमकी; जांच में जुटीं एजेंसियां
