कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी, मुगल रोड अस्थायी रूप से बंद; यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
कश्मीर में सीजन की पहली भारी बर्फबारी के बाद शोपियां को पुंछ से जोड़ने वाली मुगल रोड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
HighLights
कश्मीर में सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई
शोपियां-पुंछ मुगल रोड अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया
यात्रियों को मुगल रोड पर यात्रा से बचने की सलाह
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। कश्मीर के कई हिस्सों में गुरुवार को भारी बर्फबारी के बीच शोपियां को पुंछ से जोड़ने वाली मुगल रोड को सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है और सड़कों पर ताजा बर्फ जमा है। अधिकारियों ने बताया कि 'पीर की गली' में ताजा बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन हो गई थी, इसलिए एहतियात के तौर पर इसे बंद कर दिया गया है।
बर्फबारी रुकने और मौसम में सुधार होने के बाद सड़क को फिर से खोलने का काम शुरू किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अभी मुगल रोड पर यात्रा करने से बचें।
मौसम विभाग ने दिया अलर्ट
गौरतबल है कि मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने संभावना जताई थी कि 15 अक्टूबर को तेज बारिश के साथ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जगहों पर गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ एक स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है।
सावधानी बरतें यात्री
कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। मौसम पूरी तरह साफ होने और सड़क से बर्फ हटाए जाने तक मुगल रोड एवं अन्य प्रभावित पर्वतीय मार्गों पर यात्रा न करें। जिन रास्तों पर बर्फ या पाला जम गया हो, वहां वाहन न चलाएं। फिसलने का गंभीर खतरा बना रहता है। ऐसे में यात्री जखिम से बचें। यदि रास्ते में हैं तो निकटम होटल में स्टे करें।
