जम्मू में 200 घरों से बड़ी तबाही का खतरा टला, 1.47 करोड़ से हुआ नाले का चौड़ीकरण
जम्मू के अंबेडकर नगर, त्रिकुटा नगर और नानक नगर में नाले के चौड़ीकरण कार्य से भारी बारिश में घरों में पानी घुसने का बड़ा खतरा टल गया है।
-1792315725374_m.webp)
नाले के चौड़ीकरण से 200 घरों में जलभराव टला।
HighLights
नाले के चौड़ीकरण से 200 घरों में जलभराव टला
1.47 करोड़ की लागत से 1.8 किमी नाले का कार्य
निवासियों ने कार्य पूरा करने की मांग की, आंशिक राहत
जागरण संवाददाता, जम्मू। अंबेडकर नगर, त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन और नानक नगर गली नंबर 15 व 16 के बाशिंदों के लिए नाले के चौड़ीकरण का कार्य बड़ी राहत लेकर आया है। विगत रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नाले के मुहाने से हटाए गए अवैध अवरोध जीवन रक्षक साबित हुए।
पहले जहां चार से पांच फीट तक गंदा पानी घरों में घुसकर लाखों रुपये का नुकसान करता था, वहीं इस बार गलियों में जलभराव महज एक फुट तक सीमित रहा।
घरों की दहलीज तक पहुंचे पानी ने लोगों की धड़कनें जरूर बढ़ाईं, लेकिन मुहाने से निकासी मिलने के कारण करीब 200 घरों में होने वाली बड़ी तबाही टल गई।
आधा-अधूरा काम मंजूर नहीं
इस आंशिक राहत के बीच स्थानीय निवासियों ने दो टूक रुख अपनाया है कि काम को बीच में न छोड़ा जाए। क्षेत्रवासियों के अनुसार नाले के किनारों पर पक्के निर्माण और संकरी पुलिया अब भी पानी के प्राकृतिक बहाव में बड़ी रुकावट हैं।
जब तक नाले को गहरा और दोनों किनारों पर मजबूत आरसीसी दीवारें नहीं बनेंगी, तब तक भारी बारिश में जलभराव का खतरा पूरी तरह नहीं टलेगा। लोगों ने प्रशासन से कार्य को युद्धस्तर पर समयसीमा के भीतर पूरा करने की मांग की है।
क्या कहते हैं लोग
बरसात में नाले के उफान पर आने से सैकड़ों परिवारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था। अब काम शुरू होने से राहत मिलने लगी है। पिछली बारिश में भी लोगों को नुकसान नहीं झेलना पड़ा। अगली बरसात बेशक सुरक्षित होगी।
अजय गुप्ता, पूर्व पार्षद क्या बोले
हर साल मानसून आते ही इलाके में खौफ का माहौल बन जाता था। घरेलू सामान बर्बाद होता था। निर्माण कार्य शुरू होने से उम्मीद जगी है कि अगली बरसात में राहत मिलेगी। विगत रविवार को पानी आया लेकिन अंदर नहीं घुसा।
स्थानीय निवासी ने बताया अपना दुख
नाले की क्षमता कम होने से पानी गलियों और मकानों में भरता था। अब नाले का निर्माण शुरू होने से इस बार पानी का बहाव काफी तेज हो गया। नाला ओवरफ्लो नहीं हुआ। जब पूरा काम हो जाएगा तो समस्या हल हो जाएगी।
कुलबीर सिंह बोले- सालों से करीब दो सौ घर इस दंश को झेल रहे थे। हर साल भारी आर्थिक चपत लगती थी। नाला चौड़ा होने से पानी की निकासी सुचारू होगी और नुकसान रुकेगा। काम रुकना नहीं चाहिए। इस बार थोड़ा बचाव रहा।
क्या कहते हैं अधिकारी
अंबेडकर नगर-त्रिकुटा नगर नाले का काम जारी है। प्रीत नगर पुली के नजदीक काम होने से निकासी प्रभावित नहीं हुई। काम पूरा होने के बाद उम्मीद कर सकते हैं कि क्षेत्र में जलभराव होना बंद हो जाएगा।
