Jammu News: बांदीपोरा में बर्फीले रास्ते में फंसे 35 वाहनों का किया रेस्क्यू, चार जिलों में हिमस्खलन की जारी हुई चेतावनी
बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर बर्फबारी के बाद 35 वाहन फंस गए थे जिसके बाद सीमा सड़क संगठन के जवानों ने उनका रेस्क्यू किया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चार जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भविष्यवाणी की है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर रविवार को बर्फ में फंसे 35 वाहनों को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया। इन वाहनों सवार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। यह सभी यात्री राजदान दर्रे पर फंसे हुए थे। इस बीच, जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को चार जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की दी सलाह
चेतावनी में कहा गया कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला, बांदीपोरा और कुपवाड़ा तथा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन हो सकता है। यह खतरा समुद्र तल से तीन हजार मीटर ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजदान दर्रे पर फंस गए थे 35 वाहन
अधिकारियों ने बताया कि तूफान प्रभावित राजदान दर्रे पर करीब 35 वाहन फंसे हुए थे। हालांकि, गुरेज के एडीएम मुख्तार अहमद ने 12 से 14 वाहनों के फंसे होने की बात कही है। उधर, सूचना मिलते ही बीआरओ कर्मी कार्रवाई में जुट गए। बीआरओ टीम ने अपने वाहनों को सुरक्षित निकालने से पहले यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित की। गुरेज घाटी और बांडीपोरा जिले के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण सड़क अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir News: बसंतगढ़ में वीडीजी और आतंकियों के बीच रात से मुठभेड़ जारी, कई आतंकियों के छिपे होने की सूचना
30 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने सोमवार को भी जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। बारिश के कारण रात के तापमान में कई जगहों पर काफी गिरावट आई है। विभाग के अनुसार 30 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, तेज आंधी भी चल सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
ये भी पढ़ें: Srinagar Accident: गांदरबल के नाला सिंध में गिरा यात्री वाहन, सड़क दुर्घटना में चार की मौत; दो लापता