विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में उमर कैबिनेट का विस्तार, कौन बनेगा मंत्री और किसकी जाएगी कुर्सी? डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने किया क्लियर

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:40 AM (IST)

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि किसी को इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया है।

जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी। फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी। फाइल फोटो

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री ने मंत्रियों के इस्तीफे की अटकलों को नकारा।

  2. कैबिनेट विस्तार/फेरबदल का निर्णय नेतृत्व पर निर्भर करेगा।

  3. मीडिया को राजनीतिक अटकलों पर ध्यान न देने की अपील।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने रविवार को मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी मंत्री को इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट विस्तार या फेरबदल का फैसला पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री को लेना है।

नवरात्र के पहले दिन बाहू किले स्थित काली माता मंदिर में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौधरी ने उन खबरों को गलत बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि प्रस्तावित कैबिनेट फेरबदल से पहले सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री होने के नाते मैं माता के चरणों में खड़े होकर स्पष्ट कर रहा हूं कि किसी भी मंत्री को इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का निर्णय अंतिम होगा।

पुलिस कार्रवाई का उठाया मुद्दा

नेतृत्व जिसे मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला करेगा, उसे शामिल किया जाएगा और जिसे हटाने का निर्णय लिया जाएगा उसे हटाया जाएगा। चौधरी ने मीडिया संस्थानों से राजनीतिक अटकलों को अनावश्यक महत्व नहीं देने की अपील भी की।

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को रोकने के लिए की गई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया।

माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे

उन्होंने इस घटना और अपने अधिकारों की मांग करने दिल्ली पहुंचे बच्चों के साथ कथित व्यवहार को मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मीडिया को राजनीतिक अटकलों के बजाय ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इससे पहले, मंदिर में दर्शन के संबंध में चौधरी ने बताया कि वह नवरात्र के अवसर पर अपने परिवार और दोनों बेटों के साथ माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- उमर कैबिनेट में फेरबदल, 10 अक्टूबर को हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार; 3 नए चेहरे होंगे शामिल