विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किश्तवाड़ आतंकी हमले में बलिदान SPO जवानों के परिजनों को मिलेंगे 73-73 लाख रुपये, जम्मू-कश्मीर पुलिस भी करेगी सहयोग  

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:53 AM (IST)

किश्तवाड़ में आतंकी हमले में बलिदान हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के परिवारों को 73-73 लाख रुपये की कुल सहायता राशि मिलेगी। 

किश्तवाड़ में बलिदान एसपीओ बाबी चंद और रशपाल(दाएं) l इंटरनेट मीडिया

किश्तवाड़ में बलिदान एसपीओ बाबी चंद और रशपाल(दाएं) l इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. दो शहीद एसपीओ के परिवारों को 73-73 लाख रुपये मिलेंगे

  2. इसमें अनुग्रह राशि, बीमा और पुलिस सहयोग शामिल है

  3. किश्तवाड़ में 26 साल बाद ऐसी आतंकी वारदात हुई

राज्य ब्यूरो, जम्मू। किश्तवाड़ में आतंकियों के हमले में बलिदान हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के स्वजन को कुल 73-73 लाख रुपये मिलेंगे।

इसमें अनुग्रह राशि, दुर्घटना बीमा के अतिरिक्त दोनों परिवारों जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 11 लाख रुपये का विशेष सहयोग राशि देने की की घोषणा की है।

दोनों परिवारों को इसमें साढ़े पांच-साढ़े पांच लाख रुपये मिलेंगे। साथ ही दोनों परिवारों को अन्य वित्तीय लाभ देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इसके तहत 17.50-17.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (एक्सग्रेशिया), जम्मू-कश्मीर बैंक के माध्यम से 35-35 लाख रुपये का समूह दुर्घटना बीमा (ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस) तथा 15-15 लाख रुपये का अतिरिक्त मृत्यु कवर शामिल है। किश्तवाड़ की दच्छन तहसील में तैनात एसपीओ रछपाल कुमार और एसपीओ भाबी चंद 11 नवंबर को आतंकियों के हमले में बलिदान हो गए थे।

अंतिम संस्कार के लिए मिले 50-50 हजार रुपये

उसके बाद दोनों के शव बरामद हुए थे। पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस ने दोनों के अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को पहले ही 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई थी।

अब इस मद में कुल एक लाख रुपये की राशि एसपीओ के अंशदायी कल्याण कोष से जारी करने की मंजूरी दी गई है। साथ ही एसएसपी किश्तवाड़ को आवश्यक प्रमाणित दस्तावेजों के साथ पूरा प्रोफार्मा जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमों के तहत दोनों के परिवारों को अन्य वित्तीय लाभ भी प्रदान किए जा सकें।

किश्तवाड़ में करीब 26 साल बाद हुई ऐसी वारदात

बलिदान हुए एसपीओ रछपाल कुमार (45) और भाबी चंद (57) दच्छन क्षेत्र के ऊपरी इलाके में स्थित क्याड़ गांव में तैनात थे। क्षेत्र में 26 साल बाद एसपीओ की हत्या की यह पहली ऐसी घटना बताई गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों एसपीओ गांव से मरवाह के धरना स्थित राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी ऑपरेशन बेस (टीओबी) की ओर जा रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, जंगलों से गुजरते समय दोनों एसपीओ से संपर्क टूट गया। मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने के कारण इस इलाके को "शैडो जोन" के रूप में जाना जाता है।

दोपहर तक दोनों एसपीओ के आपरेशन बेस नहीं पहुंचने पर अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दोनों एसपीओ के शव बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें- 'हमारा जिहाद भारत के खिलाफ', पाकिस्तान में जैश कमांडर ने कबूला; गुलाम जम्मू-कश्मीर में सक्रिय है पुलवामा हमले के आतंकी

यह भी पढ़ें- जिस कश्मीर की हवा के दीवाने हैं पर्यटक, वहां बढ़ रहा प्रदूषण का खतरा; विशेषज्ञों ने सुझाया नया रास्ता

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।