विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JKSSB SI भर्ती परीक्षा देने जा रहे हैं? मोबाइल से जूते और कपड़ों तक इन चीजों पर पाबंदी, बोर्ड के सख्त नियम जारी

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:01 PM (IST)

JKSSB Sub-Inspector Exam: जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड ने सब-इंस्पेक्टर परीक्षा के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। 

सब-इंस्पेक्टर परीक्षा में बायोमेट्रिक से फेस कैप्चर तक होगी जांच। (फाइल फोटो)

सब-इंस्पेक्टर परीक्षा में बायोमेट्रिक से फेस कैप्चर तक होगी जांच। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. उम्मीदवारों को गेट बंद होने से दो घंटे पहले पहुंचना होगा।

  2. बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस कैप्चर और सुरक्षा जांच अनिवार्य है।

  3. मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने रविवार को आयोजित होने वाली सब-इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा ओएमआर आधारित होगी और इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस कैप्चर, सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा। उम्मीदवारों को गेट बंद होने के निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि गेट बंद होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद एडमिट कार्ड पर होलोग्राम लगाया जाएगा। इसके बिना परीक्षा हाल में प्रवेश नहीं मिलेगा।

दो पन्नों वाला मूल एडमिट कार्ड और फोटो ID लाना जरूरी

उम्मीदवारों को दो पन्नों वाला मूल प्रिंटेड एडमिट कार्ड, अंडरटेकिंग, सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र और दो हालिया पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। फोटोकापी या स्कैन किए गए पहचान पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, कैमरा, पेन ड्राइव, किताबें, नोट्स, बैग, पर्स और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उम्मीदवार केवल साधारण काला या नीला बालपाइंट पेन ले जा सकेंगे।

ड्रेस कोड का रखें ध्यान, इन कपड़ों में नहीं मिलेगी एंट्री

ड्रेस कोड के तहत मोटे सोल वाले जूते तथा बड़े धातु के बटन या छिपी जेब वाले कपड़ों की अनुमति नहीं होगी। साथ ही बड़े बटन वाले कपड़े, ढीली कफ वाले कपड़े या हुडी पहनी होगी, उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। 

परीक्षा केंद्रों पर सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों, वीडियोग्राफी और सिग्नल जैमर की निगरानी में होगी।

नकल या अनुचित तरीके अपनाने पर रद हो सकती है उम्मीदवारी

बोर्ड ने चेतावनी दी है कि नकल, परीक्षा के दौरान बातचीत या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर उम्मीदवारी रद करने के साथ डिबारमेंट और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

एडमिट कार्ड पर फोटो में किसी तरह की विसंगति होने पर उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले बोर्ड कार्यालय या ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है। परीक्षा के दिन फोटो संबंधी शिकायत या परीक्षा केंद्र बदलने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

JKPSI भर्ती परीक्षा तय शेड्यूल पर ही होगी, एडमिट कार्ड जारी; सेंटर जाने से पहले जान लें JKSSB के नए नियम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।