विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JKPSI भर्ती परीक्षा तय शेड्यूल पर ही होगी, एडमिट कार्ड जारी; सेंटर जाने से पहले जान लें JKSSB के नए नियम

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:09 PM (IST)

JKPSI Exam 2026: जम्मू-कश्मीर में JKPSI परीक्षा 29 नवंबर को निर्धारित है, जिसके लिए JKSSB ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने हालिया धोखाधड़ी के बाद सुरक्षा व्यवस्था और नियमों को कड़ा कर दिया है।

JKPSI परीक्षा में नकल रोकने के लिए JKSSB ने किया बड़ा बदलाव। (फाइल फोटो)

JKPSI परीक्षा में नकल रोकने के लिए JKSSB ने किया बड़ा बदलाव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. JKPSI परीक्षा 29 नवंबर को, एडमिट कार्ड जारी, सुरक्षा कड़ी।

  2. धोखाधड़ी रोकने हेतु मोबाइल जैमर, CCTV निगरानी बढ़ाई गई।

  3. उम्मीदवारों के लिए सख्त ड्रेस कोड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स प्रतिबंधित।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में जेके पुलिस सब इंस्पेक्टर (JKPSI) की परीक्षा तय शेड्यूल के अनुसार ही होगी। यह परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके लिए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। साथ ही, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है।

बोर्ड ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की समय-सीमा सात दिन से घटाकर तीन दिन कर दी गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल सिग्नल जैमर भी बढ़ाए जाएंगे।

JKSSB ने एक बयान में कहा कि ये कदम हाल ही में आयोजित 'फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट' (FAA) परीक्षा के दौरान कुछ शरारती तत्वों द्वारा धोखाधड़ी के बाद उठाए गए हैं।

भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए बढ़ाए गए इंतजाम

बोर्ड के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए, मौजूदा परीक्षा नियमों के साथ-साथ ये अतिरिक्त इंतजाम भी लागू रहेंगे।

नई व्यवस्था के तहत, डिप्टी कमिश्नर सरकारी कर्मचारियों के तय समूह में से परीक्षा ड्यूटी के लिए निगरानी कर्मचारियों का चयन रैंडम तरीके से करेंगे। इसी तरह, उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र भी पहले की तरह रैंडम तरीके से ही आवंटित किए जाएंगे। यहां क्लिक कर डाउनलोड करें एडमिट कार्ड ... 

image-fotor-2026112717849

परीक्षा खत्म होने से पहले कोई भी केंद्र से बाहर नहीं जा सकेगा

बोर्ड ने बताया कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। हर परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी, जो उम्मीदवारों और परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की तलाशी की निगरानी करेंगे। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा केंद्र में कोई बाहरी व्यक्ति प्रवेश न करे और परीक्षा खत्म होने से पहले कोई भी व्यक्ति केंद्र से बाहर न जाए।

डिप्टी कमिश्नर की ओर से नियुक्त सेंटर ऑब्जर्वर परीक्षा केंद्रों पर निगरानी कर्मचारियों और परीक्षा सामग्री की आवाजाही पर नजर रखेंगे। उनकी जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले उम्मीदवारों की बची हुई प्रश्न पुस्तिकाएं और OMR शीट इनविजिलेटर CCTV कैमरों की निगरानी में गिनें, पैक करें और परीक्षा हॉल के अंदर ही सील करें।

परीक्षा में नकल रोकने के लिए बढ़ाए गए मोबाइल सिग्नल जैमर

JKSSB ने बताया कि परीक्षाओं में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की कोशिशों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल सिग्नल जैमर की संख्या बढ़ाई गई है। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी होगी। इन कैमरों की लाइव फुटेज जम्मू और श्रीनगर स्थित बोर्ड के कंट्रोल रूम में देखी जाएगी।

मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा से जुड़े सभी कर्मचारी, जिनमें सर्विस प्रोवाइडर द्वारा तैनात किए गए लोग भी शामिल हैं, अपने मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को तय कंट्रोल रूम में जमा कर दें। परीक्षा खत्म होने तक ये डिवाइस वहीं लॉक रहेंगे।

किसी भी चूक के लिए सेंटर सुपरिंटेंडेंट होंगे जिम्मेदार

बोर्ड ने सेंटर सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिया है कि वे परीक्षा केंद्र की तैयारियों के लिए किसी अस्थायी या जरूरत के आधार पर रखे गए कर्मचारी को काम पर न लगाएं; ऐसी जिम्मेदारियां केवल स्थायी सरकारी अधिकारियों को ही दी जानी चाहिए। किसी भी तरह की चूक होने पर सेंटर सुपरिंटेंडेंट व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

डिप्टी कमिश्नर फ्लाइंग स्क्वॉड बनाएंगे, जो परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। जिला प्रशासन 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' (BNSS) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास पाबंदियां लागू रखेगा और वहां पुलिस की पर्याप्त तैनाती करेगा, ताकि आसपास अनावश्यक आवाजाही न हो।

परीक्षा केंद्र के पास वाहन पार्किंग पर रोक

उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों के पास वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी, और उनके साथ किसी अन्य व्यक्ति (साथी) को भी आने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

इन चीजों को अंदर नहीं ले जा सकेंगे

बोर्ड ने J&K पुलिस के जरिए तलाशी की व्यवस्था को भी और सख्त कर दिया है। उम्मीदवारों को अपने साथ कोई भी धातु की वस्तु जैसे पानी की बोतलें, घड़ियां या खास तरह के चश्मे ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

ये कपड़े पहनने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश

ऐसे कपड़ों पर भी रोक लगाई गई है, जिनमें छोटे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाए जा सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने बड़े बटन वाले कपड़े, ढीली कफ वाले कपड़े या हुडी पहनी होगी, उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। 

JKSSB की उम्मीदवारों को सलाह

JKSSB ने उम्मीदवारों को अपनी तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी है। साथ ही, उनसे कहा गया है कि वे केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की झूठी या मनगढ़ंत अफवाहों पर ध्यान न दें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।