विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सौर ऊर्जा से रोशन होंगे जम्मू मंडल के रेलवे स्टेशन, कटड़ा और ऊधमपुर स्टेशनों पर लगेंगे 18 नए सोलर प्लांट

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:55 AM (IST)

जम्मू मंडल के रेलवे स्टेशन अब सौर ऊर्जा से रोशन होंगे, कटड़ा और ऊधमपुर स्टेशनों पर 18 नए सोलर प्लांट ...और पढ़ें

कटड़ा स्टेशन पर शुरू हुआ 450 KW सोलर प्लांट का काम।

कटड़ा स्टेशन पर शुरू हुआ 450 KW सोलर प्लांट का काम।

HighLights

  1. जम्मू मंडल में 18 नए सोलर प्लांट लगाए जाएंगे

  2. कटड़ा और ऊधमपुर स्टेशनों पर क्षमता बढ़ेगी

  3. रेलवे को बिजली बिल में लाखों की बचत होगी

जागरण संवाददाता, जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल के रेलवे स्टेशनों और विभिन्न रेल परिसरों में सौर ऊर्जा संयंत्रों का विस्तार किया जा रहा है।

वर्तमान में मंडल के पांच प्रमुख डिपो में 1745 किलोवाट (1.745 मेगावाट) क्षमता के सोलर प्लांट चालू हैं। नए संयंत्रों के शुरू होने के बाद यह क्षमता बढ़कर 2553 किलोवाट (2.55 मेगावाट) से अधिक हो जाएगी।

जम्मू स्टेशन के प्लेटफार्म, बुकिंग कार्यालय और पार्सल घर समेत अन्य परिसरों में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर स्थापित एक मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट से रेलवे की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

जम्मू मंडल में अब 808 किलोवाट क्षमता के 18 नए सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता विशाल राठी ने बताया कि कटड़ा स्टेशन पर 450 किलोवाट क्षमता के नए सोलर प्लांट का काम 12 सितंबर से शुरू हो चुका है, जिसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

शहीद कैप्टन तुषार महाजन ऊधमपुर स्टेशन पर भी 358 किलोवाट क्षमता के 13 सोलर प्लांट लगाए जाने हैं, जिनका काम जल्द शुरू किया जाएगा। रेलवे को हर साल बिजली बिल में लाखों रुपये की बचत होगी।

 

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में रह रहे बांग्लादेशियों का कैसे खुला राज? अब तक 300 की हुई पहचान; पुलिस को किस खतरे की थी आशंका?