विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में अब फ्री में घर-घर पहुंचेगा सोलर प्लांट! रूफटॉप सोलर को मिलेगी रफ्तार

Published: Sun, 04 Oct 2026 07:43 AM (IST)

केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने की गति तेज होगी।

जम्मू-कश्मीर को पावर हब बनाने का केंद्र का नया मास्टरप्लान।

जम्मू-कश्मीर को पावर हब बनाने का केंद्र का नया मास्टरप्लान।


HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में रूफटॉप सोलर का 100 मेगावाट लक्ष्य हासिल

  2. पीएम सूर्य घर योजना से गति तेज होने की उम्मीद

  3. जलविद्युत परियोजनाओं रतले, पाकल दुल पर काम जारी

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की दिशा में अच्छी शुरुआत हुई है और आने वाले समय में इसकी रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।

यह बात केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने शनिवार को श्रीनगर में कही। अग्रवाल ने राजबाग में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान शिविर का दौरा किया।

50 लाख लोगों ने उठाया लाभ

इस दौरान उन्होंने नागरिकों तक योजना की जानकारी पहुंचाने, जनसेवा को सुविधाजनक बनाने और घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने से होने वाले लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। पत्रकारों से बातचीत में विद्युत सचिव ने कहा कि देशभर में करीब 50 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी इस दिशा में अच्छी शुरुआत हुई है और केंद्र शासित प्रदेश ने हाल ही में 100 मेगावाट का शुरुआती पड़ाव हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गति बढ़ने के साथ जम्मू-कश्मीर में रूफटॉप सोलर स्थापना में तेजी आएगी।

चिनाब नदी पर हो रहा काम

जम्मू-कश्मीर की जलविद्युत क्षमता के दोहन के संबंध में पूछे गए सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार चिनाब नदी पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर के संयुक्त उपक्रम चिनाब वैली पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से रतले, पाकल दुल, किरू और क्वार जैसी प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं पर काम चल रहा है और इनकी प्रगति अच्छी है। उन्होंने परियोजनाओं के लिए केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से मिल रहे सहयोग का भी उल्लेख किया।

देश के अन्य हिस्सों में भी पूरी होगी बिजली की मांग

विद्युत सचिव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भविष्य में आवश्यक अन्य नई परियोजनाओं पर भी केंद्र सरकार विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि सावलाकोट जलविद्युत परियोजना को लेकर फिलहाल चर्चा जारी है और निकट भविष्य में इस परियोजना पर काम शुरू करने की दिशा में कदम उठाने की मंशा है।

अग्रवाल के अनुसार, इन जलविद्युत परियोजनाओं से न केवल जम्मू-कश्मीर की स्थानीय बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि देश के अन्य हिस्सों की बिजली मांग को पूरा करने में भी इनका योगदान होगा।

यह भी पढ़ें- रैगिंग को मजाक समझने की भूल न करें, जम्मू-कश्मीर की घटना ने फिर खड़े किए सवाल; क्या सिर्फ कार्रवाई से खत्म होगा डर?