विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: उमर कैबिनेट में होगा फेरबदल? 2 मंत्रियों को किया जा सकता है बाहर; आज LG सिन्हा से मिलेंगे सीएम

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:24 AM (IST)

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के दिल्ली लौटने के बाद जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आज उपराज्यपाल सिन्हा से करेंगे मुलाकात

  2. मंत्रिमंडल से दो मंत्री बाहर, तीन नए चेहरे होंगे शामिल

  3. कांग्रेस राज्य का दर्जा बहाल होने तक सरकार में नहीं

राज्य ब्यूरो, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के दिल्ली से लौटने के बाद एक बार फिर उमर सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शनिवार को उपराज्यपाल से मुलाकात कर लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल पर चर्चा करेंगे।

वहीं, कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल होने तक सरकार में शामिल न होने के अपने रुख पर कायम है। उमर बीते चार माह के दौरान कई बार कैबिनेट में विस्तार और फेरबदल का संकेत दे चुके हैं।

गत दिनों नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने भी कहा था कि मंत्रिमंडल में विस्तार उपराज्यपाल के दिल्ली से लौटने के बाद होगा। उपराज्यपाल अपने स्वास्थ्य की जांच के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे।

तीन नए चेहरे को मिलेगी जगह

नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक वरिष्ठ नेता ने अपना नाम न छापने पर बताया कि एक-दो मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर किया जा सकता है और उनमें से एक को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा तीन नए चेहरे शामिल किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद की निर्धारित अधिकतम संख्या से संबंधित लागू प्रविधानों के तहत जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम नौ मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में मंत्रिमंडल में छह सदस्य हैं, जिसके चलते तीन मंत्री पद खाली हैं।

ऐसे में सरकार के पास नए चेहरों को शामिल करने और मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव करने का अवसर है। अगर सबकुछ सही रहा तो कैबिनेट में फेरबदल अगले सप्ताह होगा।

क्या बोले कांग्रेस विधायक?

उन्होंने कांग्रेस के सरकार में शामिल होने की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद करा पहले ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। कांग्रेस के एक विधायक ने कहा कि हमारा एजेंडा साफ है कि जब तक जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस सरकार में शामिल नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की बायोपिक बना रहे मधुर भंडारकर, 'श्यामा: द मिसिंग चैप्टर' का किया एलान

यह भी पढ़ें- 70 साल बाद मुआवजे की आस, श्रीनगर एयरपोर्ट से सटी जमीन का विवाद सुलझने की ओर; 600 भू-मालिकों को मिलेगी राहत