वैष्णो देवी से दिल्ली आने वाली ट्रेनें रद, प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे का फैसला; लिस्ट में जम्मू राजधानी भी शामिल
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के कारण रेलवे यातायात प्रभावित रहेगा। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और ...और पढ़ें

वैष्णो देवी से आने वाली चार ट्रेनें रद (जागरण फाइल)
HighLights
दिल्ली में प्रदर्शन के कारण रेलवे यातायात बुरी तरह प्रभावित
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली की तीन ट्रेनें रद
जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी 9 अक्टूबर को रद्द की गई
डिजिटल डेस्क, जम्मू। दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को देखते रेलवे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। इस बीच शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आस-पास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते, शुक्रवार के लिए जम्मू डिवीजन से चलने वाली चार ट्रेनों को रद किया गया है।
ये ट्रेनें रद
रेलवे के मुताबिक, रद की गई सेवाओं में श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली तीन ट्रेनें (ट्रेन नंबर 12446, 04082 और 22462) और जम्मू तवी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12426) शामिल हैं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं। उन्होंने बताया कि प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए जानकारी दी जा रही है।
जम्मू डिवीजन के पब्लिक रिलेशंस इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप के माध्यम से ट्रेन का स्टेटस देख सकते हैं।
शाम में चलती हैं ये ट्रेनें
इन तीन ट्रेनों को अपने शुरुआती स्टेशनों से क्रमानुसार शाम 7.50 बजे, रात 9 बजे और रात 11.25 बजे रवाना होना था, जबकि राजधानी एक्सप्रेस को रात 9.25 बजे रवाना होना था। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कोई भी ट्रेन 9 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने देश की राजधानी दिल्ली में 10 अक्तूबर को विरोध-प्रदर्शन का एलान किया है। इस प्रदर्शन में विपक्षी पार्टियां भी शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली में प्रशासन द्वारा 57 मेट्रो स्टेशन भी बंद हो सकते हैं।
