जम्मू-कश्मीर में फिर से किसी बड़ी घटना की साजिश? 26 जनवरी से पहले दिखे चार संदिग्ध; सर्च ऑपरेशन शुरू
जम्मू-कश्मीर के अखनूर में गणतंत्र दिवस 2026 से पहले 3-4 संदिग्ध देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। ...और पढ़ें
-1769061575624_m.webp)
जम्मू-कश्मीर में 26 जनवरी से पहले दिखे 4 संदिग्ध, तलाशी अभियान जारी।
HighLights
2026 गणतंत्र दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध देखे गए।
अखनूर के समाह क्षेत्र में 3-4 संदिग्धों को देखने का दावा।
पुलिस और एसओजी द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। गणतंत्र दिवस 2026 से पहले जम्मू-कश्मीर में 3-4 संदिग्ध देखे गए हैं, जिसके बाद से यह सवाल उठ रहा है कि क्या जम्मू-कश्मीर में कहीं फिर से तो किसी बड़ी घटना की साजिश नहीं हो रही है।
दरअसल, अखनूर के समाह क्षेत्र में स्थानीय युवक ने बीती रात 3–4 संदिग्धों को देखने का दावा किया। सूचना के बाद सुबह से ही समाह के नौ- दा-नाला, सुमाह क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस व एसओजी के कई जवान जंगलों में संदिग्धों की तलाशी में जुटे हैं।
युवक ने रात में देखा था संदिग्धों को
दरिया चिनाब किनारे बसे अखनूर से करीब 14 किलोमीटर दूर सुंगल समाह क्षेत्र में संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एसओजी के साथ मिलकर क्षेत्र में तलाशी अभियान छेड़ा है।
एक स्थानीय युवक ने बीती रात क्षेत्र में तीन से चार संदिग्ध देखे जाने की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद वीरवार सुबह करीब पांच बजे अखनूर पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों के साथ मिलकर क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।
यह क्षेत्र पहाड़ी क्षेत्र है और सुंगम समाह चौकी चोरा से जुड़ता है, जो आगे सुंदरबनी तक पहुंचता है। इससे पहले भी यहां कई बार संदिग्ध गतिविधियां देखी गई है। करीब दो दशक पूर्व यहां आतंकवादियों से मुठभेड़ भी हुई थी।
सुंदरबनी के रास्ते यहां संदिग्धों की घुसपैठ की संभावना अक्सर रहती है जिस कारण समय-समय पर सुरक्षाबल यहां तलाशी अभियान चलाते हैं। अब चूंकि गणतंत्र दिवस निकट है, लिहाजा राष्ट्र विरोधी तत्वों की इस रास्ते जम्मू में घुसपैठ की संभावनाओं को देखते हुए अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।
अखनूर पुलिस के अनुसार पिछले पांच घंटों के दौरान क्षेत्र को काफी बारीकी से खंगाला जा रहा है और फिलहाल कोई संदिग्ध नजर नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में फिर शुरू हुई मुठभेड़, सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी
