विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ChatGPT की मदद से चीन भेज रही थी LAC और सीक्रेट प्रोजेक्ट्स की जानकारी, मेजर की पत्नी पर FIR दर्ज

Published: Mon, 19 Oct 2026 09:07 AM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 09:19 AM (IST)

जम्मू में भारतीय सेना के एक मेजर की पत्नी को चीन के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. मेजर की पत्नी चीन के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

  2. संवेदनशील शोध पत्र साझा करने और AI टूल उपयोग का आरोप

  3. LAC स्थिति, अरुणाचल परियोजनाओं की जानकारी लीक की

जागरण संवाददाता, जम्मू। भारतीय सेना के एक मेजर की पत्नी चीन के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई है। आरोप है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील तथ्यों पर आधारित शोध पत्र चीनी एजेंट से साझा किया था।

वह खुफिया जानकारी जुटाने के लिए चैट जीपीटी और क्लाउड जैसे एआइ टूल का इस्तेमाल कर रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

महिला रक्षा, विदेश नीति और सीमांत क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर लेख तैयार कर भेजती थी। उन्हीं लेख में खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप है।

जांच अधिकारियों का दावा है कि चीनी जासूसों ने महिला को जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा की स्थिति, अरुणाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं और मानवरहित विमानों की तैनाती जैसे विषयों पर शोध पत्र तैयार करने का काम दिया गया था।

जम्मू के गांधीनगर थाने में दर्ज मामले में उस पर आपराधिक साजिश रचने और देश की संप्रभुता के खिलाफ कार्य करने के आरोप लगाए गए हैं।

पठानकोट जाते समय हुई पूछताछ

जांच अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना पर संयुक्त टीम ने महिला को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोका था। उस समय वह पठानकोट जाने के लिए ट्रेन में सवार होने की तैयारी कर रही थी। पूछताछ के लिए उसे सैन्य क्षेत्र में ले जाया गया।

महिला के मोबाइल फोन से शुरुआती जांच में कई दस्तावेज मिले है। इनमें भारत और इटली के बीच रक्षा बैठक, भारतीय सेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा, भारत-रूस रक्षा समझौता,

अरुणाचल प्रदेश की कलई-दो और कमला जलविद्युत परियोजनाएं, सेना की कोल्ड स्टार्ट रणनीति, भारत-सेशेल्स संबंध, असम की परियोजनाओं और भारत-चीन संबंधों से जुड़े विषय शामिल हैं।

एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इन दस्तावेजों में केवल सार्वजनिक जानकारी थी या गोपनीय जानकारी भी शामिल थी।

संयुक्त राष्ट्र में प्रशिक्षण के दौरान चीनी नागरिक से मिली

तेलंगाना की रहने वाली महिला उच्च शिक्षित है और वर्ष 2023 में संयुक्त राष्ट्र के साथ सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ा प्रशिक्षण ले चुकी है। अब स्वतंत्र लेखक के तौर पर कार्य कर रही थी।

उसने वर्ष 2022 में जिनेवा से यूरोपीय और अंतरराष्ट्रीय शासन विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी। इससे पहले वर्ष 2021 में बेंगलुरु के विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की थी।

उसने नई दिल्ली में रक्षा अध्ययन संस्थान के साथ आनलाइन प्रशिक्षण भी लिया था। महिला संयुक्त राष्ट्र में प्रशिक्षण के दौरान कुछ विदेशी नागरिकों के संपर्क में आई थी।

इनमें एक चीनी नागरिक भी है और उससे वह वाट्सएप के माध्यम से संपर्क में थी। वर्ष 2024 में मलेशिया के एक व्यक्ति के साथ उसके संपर्कों की जांच की भी जा रही है। पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसके शोध पत्र सार्वजनिक स्रोतों से जुटाई जानकारी पर आधारित थे।

यह भी पढ़ें- जम्मू में किश्तवाड़ बाईपास का 436.37 करोड़ रुपये का ठेका रद, दो साल तक निविदाओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगी कंपनियां

यह भी पढ़ें- 14 हजार फीट ऊंचे चरागाहों से दिल्ली के फैशन रैंप तक पहुंचा पश्मीना, लद्दाख के लोगों ने जीता दिल; हर तरफ हो रही तारीफ