'जम्मू-कश्मीर के लिए शुभ संकेत, अल्लाह की रहमत से पहलगाम चमक...', फारूक अब्दुल्ला ने जताई खुशी
डा. फारूक अब्दुल्ला ने पहलगाम में पर्यटन की वापसी पर खुशी जताई और इसे नई उम्मीद बताया। उन्होंने वैश्विक सैन्य संघर्षों के जल्द समाप्त होने की उम्मीद की।
-1789827426366_m.webp)
पहलगाम में रौनक लौटने पर फारूक अब्दुल्ला ने जताई खुशी। फाइल फोटो
HighLights
पहलगाम में पर्यटन की वापसी से नई उम्मीद जगी है।
रोटरी इंटरनेशनल गोल्फ टूर्नामेंट ने पर्यटन को नया आयाम दिया।
वैश्विक सैन्य संघर्षों के जल्द समाप्त होने की उम्मीद जताई।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डा फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को पहलगाम में लौट रही रौनक पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इससे एक नयी उम्मीद मिली है। उन्होंने विभिन्न मुल्कों के बीच जारी सैन्य संघर्ष के भी जल्द समाप्त होने की उम्मीद जताई, लेकिन मक्का में हुए ड्रोन हमले को लेकर बात बदल गए और बोले कि अभी तय नहीं है कि यह हमला किसने किया।
आज पहलगाम में रोटरी इंटरनेशनल द्वारा आयोजित गोल्फ प्रतियोगिता के दौरान एक संक्षिप्त बातचीत में डॉ फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पहलगाम में एक बार फिर रौनक लौटती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल के गोल्फ टूर्नामेंट में भारत और विदेशों से पहुंचे प्रतिभागियों की मौजूदगी से पर्यटन को नई उम्मीद मिली है।
प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों के प्रेम से प्रभावित
डॉ. अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह की रहमत से पहलगाम फिर चमक रहा है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में नेपाल, दुबई, विदेशों और देश के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों के प्रेम से बेहद प्रभावित हैं।
अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए और प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन को जितना प्रोत्साहन मिलेगा, उतना ही स्थानीय लोगों को लाभ होगा।
यह भी पढ़ें- 'बेबस है जनता की चुनी सरकार, कोई भी बलिदान...'; राज्य के दर्जे को लेकर फारूक अब्दुल्ला की केंद्र सरकार से भावुक अपील
ईरान-इजरायल युद्धों का जिक्र
दुनिया में जारी संघर्षों पर चिंता जताते हुए अब्दुल्ला ने यूक्रेन और ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्धों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन संघर्षों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है और दुनिया शांति की वापसी चाहती है।
यह पूछे जाने पर कि वह मक्का पर हुए ड्रोन हमला करने वालों की निंदा करते हैं तो उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। उन्होंने जल्द शांति बहाल होने की उम्मीद है।
