Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    JK Election Result: जम्मू, कठुआ, सांबा और ऊधमपुर जिले में भाजपा ने गाड़े झंडे, 24 में 22 सीटों पर मिली जीत

    Updated: Tue, 08 Oct 2024 05:12 PM (IST)

    जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने जम्मू कठुआ सांबा और ऊधमपुर जिले की 24 में से 22 सीटें जीत ली हैं। जम्मू संभाग के मैदानी जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार प्रचार रंग लाया है। नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन इन जिलों में अपना खाता खोलने में नाकाम रहा है।

    Hero Image
    जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में भाजपा ने 24 में 22 सीटों पर किया कब्जा। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, जागरण जम्मू। जम्मू कश्मीर में दस साल के बाद हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में अपने झंडे गाढ़ दिए। पार्टी ने अंतिम चरण के चुनाव में जम्मू संभाग के जम्मू, कठुआ, सांबा और ऊधमपुर जिले की 24 सीटों में से 22 सीटें जीत ली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू संभाग के मैदानी जिलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्टार प्रचार रंग लाया व इन जिलों में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन अपना खाता खोलने में कामयाब नही हो पाया। इन जिलों में कांग्रेस के उम्मीदवारों के चयन में खामियां भी साबित हो गई।

    सतीश शर्मा निर्दलीय जीते

    कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के पूर्व सांसद मदन लाल शर्मा के पुत्र सतीश शर्मा जम्मू जिले की छंब विधानसभा सीट व डॉ रामेश्वर कठुआ जिले के बनी से चुनाव जीत गए। ऐसे में कांग्रेस नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन करने के बाद भी जम्मू संभाग के मैदान जिले में फिसड्डी शामिल हुई।

    वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में जम्मू, कठुआ, सांबा और ऊधमपुर जिले की 21 विधानसभा सीटों में से 3 सीटें हारते हुए भाजपा ने 18 सीटें जीती थी। इस बार परिसीमन से तीन सीट बढ़ने के बाद भाजपा ने 24 सीटें में से सिर्फ सीटें ही निर्दलीय उम्मीदवारों के हाथों हारी हैं।

    यह भी पढ़ें- जम्मू में भाजपा का शानदार प्रदर्शन, जिले की 11 सीटों में से 10 पर मिली जीत

    ऐसे में भाजपा ने जम्मू संभाग के इन जिलों में अपने प्रदर्शन को और भी बेहतर बनाया है। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जम्मू जिले में बिश्नाह व नगरोटा की सीटें हारी थी। इस बार पार्टी ने ये दोनों सीटें जीतकर कर जम्मू जिले की 11 सीटों में से दस सीटे जीत ली हैं।

    जम्मू संभाग की 43 में से 29 सीटों पर भाजपा को जीत 

    वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने जम्मू संभाग की 37 सीटों में से 25 सीटें जीत कर इतिहास रचा था। इस बार पार्टी ने संभाग की 43 सीटों में से 29 सीटें जीतकर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाया है। जम्मू संभाग के राजौरी, पुंछ जिलों में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा है।

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना नाैशहरा से विधानसभा चुनाव हार गए हैं। वहीं दूसरी ओर कश्मीर संभाग से भाजपा को इस बार भी कोई सीट न मिलने के कारण पार्टी सरकार बनाने की प्रक्रिया में पिछड़ी है। भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने वाला नेकां-कांग्रेस गठबंधन जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने के करीब पहुंच गया है।

    भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल का कहना है कि पार्टी ने वर्ष 2014 के मुकाबले इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। उनका कहना है कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि पार्टी ने जम्मू, कठुआ, सांबा और ऊधमपुर जिले की 22 सीटें जीती हैं। इन जिलों के निवासियों ने जम्मू कश्मीर के विकास व खुशहाली के लिए वोट दिया है। हम विधानसभा चुनाव के परिणामों पर मंथन कर अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

    यह भी पढ़ें- JK Election Result: महबूबा मुफ्ती ने जीत के लिए नेकां-कांग्रेस को दी बधाई, केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना