जम्मू में किसान को कमरे में बंद कर 2 दुधारू गाय ले उड़े चोर; ग्रामीणों में रोष, उठी कार्रवाई की मांग
बिश्नाह के चुंबियां जटां गांव में चोरों ने एक किसान को कमरे में बंद कर उसकी दो दुधारू गायें चोरी कर लीं, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
-1792318683619_m.webp)
दीवार तोड़कर गायें ले उड़े चोर।
HighLights
किसान को कमरे में बंद कर दो दुधारू गायें चोरी
चोरों ने मवेशी बाड़े की दीवार तोड़कर गायें चुराईं
ग्रामीणों ने एसएसपी जम्मू से पशु चोरों पर कार्रवाई की मांग
संवाद सहयोगी, बिश्नाह। बिश्नाह के गांव चुंबियां जटां में चोरों ने एक किसान को कमरे में बंद कर उसकी दो दुधारू गायें चोरी कर लीं। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने पहले मवेशी बाड़े की दीवार तोड़ी और फिर गायों को बाहर निकालकर गाड़ी में लाद लिया।
घटना के बाद गांव में रोष का माहौल है। ग्रामीणों ने एसएसपी जम्मू से पशु चोरों पर लगाम लगाने और चोरी हुई गायों को बरामद करने की मांग की है।
चोरों ने कमरे में बंद की चोरी
पीड़ित किसान नागर मल ने बताया कि वह रात को अपने मवेशी बाड़े में ही सोया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसकी दो दुधारू गायें चुराकर फरार हो गए।
जब उसकी नींद खुली तो उसने कमरे का दरवाजा बंद पाया। उसके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद जब उसने बाड़े में देखा तो दोनों गायें गायब थीं। बाड़े की दीवार भी टूटी हुई थी।
दुधारू पशु चोरी होने किसानों को आर्थिक नुकसान
वारदात की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पशुपालन किसानों की आजीविका का अहम साधन है। दुधारू पशु चोरी होने से किसान को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ परिवार का गुजारा चलाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मौके पर पहुंचे पूर्व सरपंच सोनू चौधरी ने कहा कि किसान मेहनत करके मवेशी पालते हैं और दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में पशुओं की चोरी होना उनके लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने पुलिस से पीड़ित किसान की मदद करने, चोरों का पता लगाने और चोरी हुई गायों को जल्द बरामद करने की मांग की।
वहीं, पीड़ित किसान नागर मल ने भावुक होते हुए कहा कि मवेशी ही उसकी आजीविका का प्रमुख सहारा हैं। दो दुधारू गायें चोरी होने से उसे भारी नुकसान हुआ है। उसने पुलिस प्रशासन से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की तलाश की जाए और उसकी गायें वापस दिलाई जाएं।
ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी की वारदातों पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जम्मू में 200 घरों से बड़ी तबाही का खतरा टला, 1.47 करोड़ से हुआ नाले का चौड़ीकरण
