यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खुशखबरी, जम्मू में बनेगा आधुनिक यात्रा भवन; यहीं से तय होगी अमरनाथ यात्रा
जम्मू में बाबा बर्फानी के श्रद्धालुओं के लिए एक नया यात्री भवन बनने जा रहा है। सिधड़ा के मजीन में ...और पढ़ें

HighLights
- इसी भवन में अमरनाथ श्राइन बोर्ड का कार्यालय भी होगा
- ठहरने के लिए 54 एसी कमरे और 18 डाेरमेट्री की सुविधा
- नए यात्री भवन में ठहराए जा सकेंगे 2500-3000 श्रद्धालु
राहुल शर्मा, जम्मू। जम्मू में सिद्धड़ा के मजीन में तिरुपति मंदिर के पास बाबा अमरनाथ के श्रद्धालुओं के लिए यात्री भवन का निर्माण कार्य अब गति पकड़ने लगा है। लंबे अरसे बाद इसके निर्माण कार्य में तेजी देखी जा रही है। उम्मीद है कि अगले साल यह बनकर तैयार हो जाएगा और यहीं से अमरनाथ यात्रा को रवाना किया जाएगा।
सरकार ने निर्माण एजेंसी को मई 2026 तक काम पूरा करने का निर्देश दिया है। छह मंजिला यात्री भवन में एसी रूम और एसी हाल के साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यहां पार्किंग का भी निर्माण किया जाएगा।
भवन निर्माण का कार्य कश्मीर की एलाइड कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है। कंपनी के प्लानिंग इंजीनियर शाहिद हुसैन वानी ने बताया कि प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है। कुछ विभागों से मंजूरी मिलने का इंतजार है। उसके बाद युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
क्या होगी खासियत?
28 कनाल में बन रहे इस भवन में अंडरग्राउंड पार्किंग होगी। इस छह मंजिला इमारत के दो ब्लाक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छह लिफ्ट होगी, जबकि उनके ठहरने के लिए 54 एसी कमरे और 18 डाेरमेट्री, एक रसोई, एक रेस्तरां, एटीएम के अलावा आपातकालीन चिकित्सा केंद्र और आपदा प्रबंधन केंद्र होगा।
भवन में 2500-3000 लोगों को आसानी से ठहराया जा सकेगा। मजीन में पहाड़ी इलाका होने से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले भूमि को समतल किया गया। पूरा इलाका हरा-भरा और खूबसूरत है। तिरुपति मंदिर भी है, जिससे यात्री यहां दर्शन कर सकेंगे।
ओएनजीसी ने दिए थे 51 करोड़
इस भवन के निर्माण का पूरा खर्च ओएनजीसी उठा रहा है। ओएनजीसी ने कार्य पर नजर रखने के लिए अपना एक अधिकारी भी नियुक्त कर रखा है।
इंजीनियर्स इंडिया के मैनेजर आयुष अरोड़ा ने बताया कि पूर्व केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, आवास एवं शहरी विकास मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जब उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ 6 जून 2023 को यात्री निवास का शिलान्यास किया था, तो उन्होंने उसी समय ओएनजीसी की ओर से अमरनाथ श्राइन बोर्ड को 51 करोड़ रुपये का चेक दे दिया था।
चार वर्ष में दो बार रखा गया नींव पत्थर
तिरुपति मंदिर के प्रवेशद्वार के पास बनने जा रहे अमरनाथ यात्री निवास का दो बार नींव पत्थर रखा जा चुका है। 29 नवंबर 2021 को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहली बार यात्री निवास और आपदा प्रबंधन केंद्र का नींव पत्थर रखा था। उसके बाद न तो भवन निर्माण का काम शुरू हुआ और न ही भूमि समतल करने का। दो साल बाद 6 जून 2023 को एक बार फिर उपराज्यपाल ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ भवन का नींव पत्थर रखा।
