विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs PAK: भारत के पास इतिहास रचने का गोल्‍डन चांस, 'सरपंच सेना' ने पाकिस्‍तान को सांस थाम देने वाले मैच में दी पटखनी

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:53 PM (GMT+05:30)

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को एशियन गेम्‍स 2026 में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को सेमीफाइनल में 4-3 से मात दी। ...और पढ़ें

भारत ने पाकिस्‍तान को 4-3 से धोया

भारत ने पाकिस्‍तान को 4-3 से धोया

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्‍स 2026 में गुरुवार को सांस थाम देने वाले सेमीफाइनल में पाकिस्‍तान को 4-3 से हरा दिया। अभिषेक ने आखिरी मिनट में मैदानी गोल दागकर भारत की जीत पर मुहर लगाई।

गिफू परफेक्‍टूरल ग्रीन स्‍टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह (5वें और 13वें मिनट), सुखजीत सिंह (23वें मिनट) और अभिषेक (59वें मिनट) ने गोल दागे। पाकिस्‍तान की तरफ से कप्‍तान अबू मोहम्‍मद (30वें मिनट), शाहिद हनन (45वें मिनट) और राणा वाहीद (49वें मिनट) ने गोल दागे।

पता हो कि पाकिस्‍तान की टीम पिछले 10 साल से भारत से हॉकी मैच जीत नहीं सकी। यह उसकी 21 मैचों में 19वीं शिकस्‍त रही। दो मैच ड्रॉ रहे थे।

भारत ने इस जीत के साथ ही गोल्‍ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह पक्‍की की, जहां उसका सामना मलेशिया और साउथ कोरिया के विजेता से होगा। पुरुष हॉकी का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।

गोल्‍ड की रक्षा करने का मौका

बता दें कि हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम के पास एशियन गेम्‍स में अपने गोल्‍ड मेडल की रक्षा करने का सुनहरा मौका है। याद दिला दें कि भारत ने 2023 हांगझू एशियन गेम्‍स में जापान को मात देकर गोल्‍ड मेडल जीता था।

वैसे, एशियन गेम्‍स इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम पांचवीं बार गोल्‍ड मेडल जीतने की कोशिश करेगी। भारत ने 1966, 1998, 2014 और 2023 एशियाई खेलों में गोल्‍ड मेडल जीते थे।

भारत का शुरुआत से दबदबा

भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पाकिस्‍तान पर दबाव बनाया और गेंद पर ज्‍यादा नियंत्रण रखा। इसका फायदा टीम इंडिया को बहुत जल्‍द मिला जब कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह ने पांचवें मिनट में ही गोल दाग दिया। हरमनप्रीत सिंह ने 8 मिनट बाद यानी मैच के 13वें मिनट में गेंद को जाली में भेदकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

शुरुआती 15 मिनट के आखिरी पलों में पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए वापसी का मौका मिला था। पाकिस्तानी खिलाड़ी सूफियान के ड्रैग-फ्लिक को अमित रोहिदास ने बेहतरीन तरीके से ब्लॉक किया, जिसके चलते पाकिस्तान को लगातार दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि, उनकी तीसरी कोशिश भी वाइड रही और पाकिस्तानी टीम अपना खाता खोलने में नाकाम रही।

पहला हाफ भारत के नाम

इसके बाद सुखजीत ने 23वें मिनट में गोल दागकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। पाकिस्‍तान के पास वापसी का कोई मौका नजर नहीं आ रहा था। हालांकि, पाकिस्‍तानी कप्‍तान अबू मोहम्‍मद ने 30वें मिनट में गोल दागकर स्‍कोर का अंतर कम कर दिया। हाफ टाइम तक भारत ने 3-1 की बढ़त बना रखी थी।

पाकिस्‍तान की जोरदार वापसी

हाफ टाइम के बाद पाकिस्‍तान ने अपने हमलों में तेजी की। इसका उसे फायदा भी मिला। शाहिद हनन ने 45वें मिनट में गोल दागकर स्‍कोर 2-3 कर दिया। भारतीय टीम का डिफेंस इस दौरान बेहद कमजोर नजर आया। भारत की इस कमजोरी का पाकिस्‍तान ने फायदा उठाया।

चार मिनट बाद यानी 49वें मिनट में राणा वाहीद ने फील्‍ड गोल करके पाकिस्‍तान को 3-3 से बराबरी पर ला दिया। हनन के पास पर राणा ने गोलकीपर के पास खड़े होकर अपनी स्टिक घुमाई और गेंद को जाली में भेद दिया।

भारत की जीत पर लगी मुहर

आखिरी के मिनटों में मुकाबला बेहद कांटेदार रहा। दोनों ही टीमों ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन सफलता किसी के हाथ नहीं लगी। मैच समाप्‍त होने से ठीक एक मिनट पहले यानी 59वें मिनट में अभिषेक ने मैदानी गोल करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी। अभिषेक भारत की जीत के हीरो बने। भारत ने मैच 4-3 से अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026 LIVE: भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को सांस थाम देने वाले मैच में 4-3 से हराया, अभिषेक बने जीत के हीरो

यह भी पढ़ें- 'सरपंच साहब' की हैट्रिक के दम पर भारत ने बांग्‍लादेश को रौंदा, अब चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान से होगा सामना