विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs ESP: भारत की हॉकी विश्‍व कप में धमाकेदार शुरुआत, 'हरमनप्रीत ब्रिगेड' ने रचा इतिहास

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Fri, 13 Jan 2023 09:26 PM (IST)

भारतीय टीम ने हॉकी विश्‍व कप 2023 की धमाकेदार शुरुआत की और स्‍पेन को 2-0 से मात दी। भारत ने ...और पढ़ें

अमित रोहिदास ने भारत के लिए ऐतिहासिक 200वां गोल दागा
अमित रोहिदास ने भारत के लिए ऐतिहासिक 200वां गोल दागा

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। भारतीय टीम ने शुक्रवार को हॉकी विश्‍व कप 2023 में धमाकेदार शुरुआत की और स्‍पेन को 2-0 से मात दी। भारत की तरफ से अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने पहले हाफ में गोल दागे। भारत ने मैच में पहला गोल दागते ही हॉकी विश्‍व कप में इतिहास रच दिया।

भारत हॉकी विश्‍व कप इतिहास में 200 या ज्‍यादा गोल दागने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। भारत से पहले ऑस्‍ट्रेलिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्‍तान यह कमाल कर चुके हैं। भारत के लिए ऐतिहासिक 200वां गोल अमित रोहिदास ने दागा। भारत को 13वें मिनट में पेनाल्‍टी कॉर्नर मिला था। अमित रोहिदास ने रिबाउंड पर शानदार फ्लिक करके गेंद को जाली में भेदा और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसी गोल से भारत ने हॉकी विश्‍व कप इतिहास में अपने 200 गोल पूरे किए।

हॉकी विश्‍व कप में सबसे ज्‍यादा गोल करने वाली टीमें

हॉकी विश्‍व कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा गोल करने वाली टीमों में शीर्ष पर ऑस्‍ट्रेलिया काबिज है। ऑस्‍ट्रेलिया ने अब तक 313 गोल दागे हैं। इसके बाद दूसरे स्‍थान पर नीदरलैंड्स 267 गोल के साथ काबिज है। सबसे ज्‍यादा बार विश्‍व कप जीतने वाली पाकिस्‍तान की टीम 235 गोल के साथ तीसरे स्‍थान पर जमी हुई है। भारतीय टीम 201 गोल के साथ इस लिस्‍ट में चौथे स्‍थान पर है। इन चारों देशों के अलावा किसी ने 200 का आंकड़ा नहीं छुआ है।

भारत खत्‍म करना चाहेगा सूखा

आठ बार की ओलंपिक चैंपियंस भारत ने केवल एक बार विश्‍व कप खिताब जीता है। भारत ने 1975 में अजित पाल सिंह के नेतृत्‍व में एकमात्र बार खिताब जीता था। भारतीय टीम की कोशिश हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व में 48 साल का सूखा खत्‍म करने की होगी। भारत को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा है।

बता दें कि भारत चौथी बार हॉकी विश्‍व कप की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले भारत ने 1982 (मुंबई), 2010 (दिल्‍ली) और 2018 (ओडिशा) में टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। यह पहला मौका है जब कोई देश लगातार दो हॉकी विश्‍व कप संस्‍करण की मेजबानी कर रहा है।

यह भी पढ़ें: भारत का हॉकी विश्व कप 2023 में विजयी आगाज, स्पेन को 2-0 से रौंदा

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान है हॉकी वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम, जानें भारत कब बना चैंपियन?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।