विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रिया की हैट्रिक से फाइनल में भारतीय हॉकी टीम, सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से दी शिकस्त

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:21 PM (IST)

ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया के तीन गोल की मदद से गत चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को शनिवार को 5-1 से ...और पढ़ें

भारतीय टीम जीती।

भारतीय टीम जीती।

पीटीआई, मोकी। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया के तीन गोल की मदद से गत चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को शनिवार को 5-1 से हराकर एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। सुप्रिया ने तीनों गोल पेनाल्टी कार्नर पर किए। रविवार को होने वाले फाइनल में भारत का सामना चीन से होगा।

भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार मैदानी गोल पर टीम को 1-0 से बढत दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले। भारत को 17वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर सुप्रिया ने गोल करके बढ़त दोगुनी कर दी।

भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाए रखा और 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आई गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रास दिया। इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया।

भारत को 33वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को सुप्रिया ने गोल में बदला। दक्षिण कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल करके स्कोर 4-1 किया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई हमलों को विफल कर दिया। भारत के लिए पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनाल्टी कार्नर पर किया।

छठा खिताब जीतने उतरेगी पुरुष टीम

रविवार को ही जूनियर पुरुष टीम फाइनल में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। पांच बार खिताब जीत चुकी भारतीय टीम की नजरें छठे खिताब पर होंगी। भारत अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है और ग्रुप चरण में दक्षिण कोरिया को 7-3 के अंतर से हराया था। भारतीय कप्तान अनमोल एक्का टूर्नामेंट में अब तक 16 गोल दागकर शीर्ष स्कोरर हैं और फाइनल में भारत का पलड़ा मजबूत है।

यह भी पढ़ें- कप्तान अनमोल के तूफान में उड़ा मलेशिया, 3-1 की शानदार जीत के साथ जूनियर एशिया कप के फाइनल में भारत

यह भी पढ़ें- Women's Junior Asia Cup: भारत ने पाकिस्‍तान की निकाली हेकड़ी, 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में की एंट्री