विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी बादशाहत कायम रखने उतरेगा भारत, बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भरी हुंकार

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:11 PM (IST)

जालंधर में एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी मंगलवार से शुरू हो रही है, जहां भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला ...और पढ़ें

हरमनप्रीत सिंह

हरमनप्रीत सिंह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

कमल किशोर, जागरण, जालंधर। एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का मंगलवार को ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आगाज होगा। पांच बार की विजेता भारतीय टीम के शेर अपने पहले मैच में बांग्लादेश के विरुद्ध मैदान में दम दिखाने उतरेंगे। भारतीय टीम में कप्तान हरमनप्रीत सिंह समेत नौ खिलाड़ी पंजाब के हैं और पहली बार अपने घरेलू मैदान में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलेंगे।

पंजाब 17 साल बाद अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। इससे पूर्व वर्ष 2009 में गोल्ड कप का आयोजन हुआ था। शाम पांच बजे मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। सात हजार क्षमता वाले स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री फ्री रखी गई है।

हरमनप्रीत सिंह ने भरी हुंकार

सोमवार को भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने हर मैच के लिए अलग रणनीति तैयार की है। पिंडली में चोट के कारण मनप्रीत सिंह पहला मैच नहीं खेलेंगे। उनकी जगह विवेक सागर प्रसाद को शामिल किया गया है। मनप्रीत के अनुभव की कमी खलेगी, लेकिन भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहेगा। भारत ने अब तक पांच बार 2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।

पिछले दो बार का विजेता भारत खिताब की हैट्रिक लगाने के लिए मैदान में उतरेगा। पंजाब के टूर से ट्रॉफी सोमवार को जालंधर पहुंच गई। हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष व हॉकी पंजाब के प्रधान नितिन कोहली, डीसी वरजीत वालिया, सीपी सतिंदर सिंह, ओलिंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर, बलजीत सिंह ढिल्लों व जगदीप गिल ढोल की थाप के साथ ट्रॉफी लेकर स्टेडियम में पहुंचे।

भारतीय टीम में हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, राजिंदर सिंह, हार्दिक सिंह, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और मनप्रीत सिंह पंजाब से हैं।

मलेशिया दे सकता है भारत को चुनौती

जापान में एशियाई खेलों में भारत ने मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। भारत को मलेशिया से टक्कर मिल सकती है। लीग चरण में भारत और मलेशिया एक नवंबर को भिड़ेंगे। भारत विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर है और चैंपियंस ट्रॉफी में भाग ले रही टीमों में उसकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम लीग मैचों की मेजबानी करेगा। मोहाली का ओलिंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम सेमीफाइनल व फाइनल मैचों की मेजबानी करेगा। मैच शाम को 7:20 बजे से शुरू होगा।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने का दबदबा कायम रखने उतरेगी श्रेयस की 'सेना', वैभव और भुवी पर रहेंगी नजरें

यह भी पढ़ें- हरमनप्रीत कौर ने कैसे की फॉर्म में वापसी? जिंबाब्वे के खिलाफ शतक ठोकने के बाद किया खुलासा