हिमाचल में ऊना से चलने वाली अहम ट्रेन 30 नवंबर तक बंद, चंडीगढ़ व अंबाला जाने वालों की बढ़ी परेशानी
ऊना से चंडीगढ़ और अंबाला जाने वाली ट्रेन नंबर 74991/74992 को 30 नवंबर तक रद्द कर दिया गया है। पटरियों के नवीनीकरण के कारण यह ट्रेन बंद है।

हिमाचल प्रदेश ऊना रेलवे स्टेशन। जागरण आर्काइव
HighLights
ऊना-चंडीगढ़ ट्रेन 30 नवंबर तक रद्द, यात्रियों को भारी दिक्कत।
पटरियों के नवीनीकरण के कारण मई से सेवा स्थगित है।
पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाले मरीजों को हो रही परेशानी।
संवाद सूत्र, रक्कड़ (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में ऊना से सफर करने वाले रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। दौलतपुर चौक और अंबाला छावनी जंक्शन के बीच चंडीगढ़ होकर चलने वाली ट्रेन नंबर 74991 और 74992 को रेलवे ने 30 नवंबर तक निरस्त कर दिया है। मई से बंद इस पैसेंजर ट्रेन की सेवा लगातार स्थगित रहने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। खासकर पीजीआइ चंडीगढ़, चंडीगढ़ हवाई अड्डे और धार्मिक स्थलों तक जाने वाले यात्रियों को दिक्कत हो रही है।
रेलवे मंडल अंबाला के आदेश के अनुसार, चंडीगढ़ जंक्शन-मोरिंडा जंक्शन रेलखंड पर साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) और खरड़ रेलवे स्टेशनों के बीच पटरियों के नवीनीकरण और मरम्मत का काम चल रहा है। इसी वजह से दोनों दिशाओं में चलने वाली ट्रेन 30 नवंबर तक निरस्त रहेगी।
चंडीगढ़ व अंबाला जाने वाले करते हैं सफर
यह ट्रेन ऊना जिले से चंडीगढ़ और अंबाला जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य यात्रियों के लिए सीधी रेल सुविधा थी। इसके बंद होने से उन्हें सड़क मार्ग से महंगा और लंबा सफर करना पड़ रहा है। पीजीआइ में उपचार कराने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए भी यह सुविधाजनक विकल्प थी।
चंडीगढ़ होकर ट्रेन चलाने की मांग
रेल यात्री देवेंद्र, अंजली, अभिषेक और पलक ने रेलवे प्रशासन से ट्रेन जल्द बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तकनीकी कारणों से इसका संचालन फिलहाल संभव नहीं है, तो करटोली-अंबाला छावनी के बीच सरहिंद होकर चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को चंडीगढ़ होकर चलाया जाए। इससे चंडीगढ़ और अंबाला आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।