विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशा तस्करी कर जुटा ली करोड़ों की प्रॉपर्टी, ऊना पुलिस ने 3 ट्रक व अन्य गाड़ियों समेत कैश किया फ्रीज

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 17 Oct 2026 11:15 AM (IST)

ऊना पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की है। इसमें ट्रक, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं।

ऊना पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति फ्रीज की है। प्रतीकात्मक फोटो

ऊना पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति फ्रीज की है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. ऊना पुलिस ने 1.57 करोड़ की संपत्ति फ्रीज की।

  2. नशा तस्करों के ट्रक, भूमि, वाहन, बैंक खाते जब्त।

  3. एंटी-चिट्टा अभियान के तहत आर्थिक चोट की गई।

संवाद सहयोगी, ऊना। नशे का कारोबार कर अकूत संपत्ति जुटाने वाले तस्करों पर हिमाचल की ऊना पुलिस ने आर्थिक चोट की है। पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े चार मामलों में एक करोड़ 57 लाख दो हजार 432 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें तीन ट्रक, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। प्रदेश सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान के तहत पुलिस ने आरोपितों की आय के स्रोतों व संपत्तियों की वित्तीय जांच की। 

जांच में ऐसे मामले सामने आए जिनमें आय का कोई स्पष्ट स्रोत नहीं था, लेकिन लाखों रुपये की संपत्ति अर्जित की गई थी। पुलिस ने संपत्तियों की पहचान कर कार्रवाई की और मामलों को सक्षम प्राधिकारी, दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की है। इससे नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में कार्रवाई तेज हुई है।

122 किलो भुक्की सहित पकड़ा था आरोपित

मैहतपुर थाने में दर्ज मामले में चड़तगढ़ निवासी कुलविंदर सिंह से 122.960 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई थी। वित्तीय जांच में उसके पास आय का कोई स्रोत नहीं मिला, जबकि उसके नाम पर तीन ट्रक थे। पुलिस ने ट्रकों व बैंक खातों से जुड़ी 52 लाख छह हजार 366 रुपये की संपत्ति फ्रीज की। 

25 किलो भुक्की के मामले में भी कार्रवाई

सदर ऊना थाने के अंतर्गत संतोषगढ़ निवासी बलविंद्र कुमार से 25.30 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई थी। जांच में उसके नाम पर करीब दो हजार वर्ग मीटर कृषि भूमि, एक हल्का वाहन और बैंक खातों में जमा राशि सामने आई। कुल 19 लाख 21 हजार 54 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। दो अन्य एनडीपीएस मामलों में भी 71 लाख 27 हजार 420 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने इससे पहले भी वित्तीय कार्रवाई की है। इससे पूर्व 85 लाख 75 हजार 12 रुपये की संपत्ति पर की गई कार्रवाई को पिछले माह सक्षम प्राधिकारी, दिल्ली से पुष्टि मिल चुकी है।

इस वर्ष एनडीपीएस के 80 मामले दर्ज, 134 गिरफ्तार

पुलिस ने इस वर्ष एनडीपीएस एक्ट के तहत 80 मामले दर्ज कर 134 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 1.583 किलोग्राम हेरोइन, 493.63 किलोग्राम भुक्की, 2.70 किलोग्राम चरस, 9.09 किलोग्राम गांजा, 196 ग्राम अफीम और 9 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की रणनीति अब नशे की खेप बरामद करने व आरोपितों को गिरफ्तार करने से आगे बढ़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की है। इसके लिए नशे की आपूर्ति करने वालों से लेकर आगे इसे खपाने वालों तक की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। इसके तहत 16 सप्लायरों की गिरफ्तारी व 34 अंतरराज्यीय नशा तस्करों के नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

हेरोइन (चिट्टे) की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों पर शिकंजा कसने के लिए सात पीआइटी-एनडीपीएस प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजे गए हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों को तीन महीने के लिए निवारक निरुद्ध किया गया है। इस प्रविधान का उद्देश्य नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।

ऊना पुलिस की कार्रवाई का सबसे अहम पहलू यह है कि अब नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति भी जांच के दायरे में है। हालांकि, इस अभियान की असली सफलता तभी होगी जब तस्करी के नेटवर्क की जड़ें कमजोर हों और नशे की आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगे। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी, वित्तीय जांच और सप्लाई चेन पर कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में 17% बढ़ गए सड़क हादसे, मंडी जिले में इस साल सबसे ज्यादा एक्सीडेंट; आखिर क्या है वजह?